कांग्रेस में लेटर वार, शर्मनाक हार के दोषी दंडित हो
वरिष्ठ नेता नसीब पठान के बाद अब पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी ने भी धमाका किया है। अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे गए पत्र में रिजवी ने हार के जिम्मेदार नेताओं पर कार्रवाई की मांग की।
लखनऊ (जेएनएन)। विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद कांग्रेस तनातनी का सिलसिला तेज है। वरिष्ठ नेता नसीब पठान के बाद अब पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी ने भी धमाका किया है। अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे गए पत्र में रिजवी ने हार के जिम्मेदार वरिष्ठ नेताओं को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग की।
रिजवी ने कहा कि पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर द्वारा पद से त्यागपत्र देने की पेशकश सराहनीय है परंतु बात यहीं खत्म नहीं होती। जिन लोगों के कारण कांग्रेस की दयनीय स्थिति हुई है उनको चिह्नित करने के लिए आपात बैठक तत्काल बुलानी चाहिए। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं करें और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएं। रिजवी ने कहा कि उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रदेश में चुनाव अभियान की दमदार शुरुआत की लेकिन, कुछ शीर्ष नेताओं ने स्वार्थवश जोड़तोड़ की सियासत शुरू करा दी जिसका नतीजा रहा कि पार्टी प्रदेश की 396 क्षेत्रों से गायब है। आम कार्यकर्ता बेइज्जत होकर घर बैठा है। जिम्मेदार लोगों को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए वरना ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
बता दे कि विधान परिषद में दलनेता रहे नसीब पठान ने गत दिवस पार्टी नेतृत्व से चुनावी नतीजों की गंभीर समीक्षा करने की मांग करते हए प्रदेश प्रभारी पद से गुलाम नबी आजाद का त्यागपत्र मांगा था। उनका कहना है कि सपा से चुनावी गठबंधन के लिए प्रियंका गांधी को जिम्मेदार बताने वाले नेताओं को सोच समझ कर ही बयानबाजी करनी चाहिए। नेतृत्व को गलत जानकारियां देकर गुमराह करने वालों को आम कार्यकर्ता कभी माफ नहीं करेंगे।