'बहकी सांसद बिटिया' की कोर ग्रुप में वापसी जल्द
लखनऊ। अपना दल अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि उनकी सांसद बिटिया अनुप्रिया पटेल को कुछ लोगा
लखनऊ। अपना दल अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि उनकी सांसद बिटिया अनुप्रिया पटेल को कुछ लोगों ने स्वहित में बहका दिया था। शीघ्र अनुप्रिया की कोर ग्रुप में वापसी होगी और पार्टी में सब कुछ पटरी पर होगा। उन्होंने पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए अनुप्रिया को महासचिव पद से हटाए जाने की कार्रवाई को जरूरी करार दिया।
अपना दल के 19वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को बसनी के रामलीला मैदान में पार्टी ने स्वाभिमान रैली की। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकर्ता समागम हुआ। कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल का शामिल न होना हजारों कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ था। इस मौके पर सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने पल्लवी पटेल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पेश किया जिसे आम सभा ने सर्व सम्मति से पास किया। साथ ही कृष्णा पटेल को पुन: तीन वर्ष के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का भी प्रस्ताव पास किया गया। रैली में कृष्णा पटेल ने कहा कि हम संघर्ष की बदौलत जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, वह अभी लक्ष्य से पीछे है। कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी शीघ्र अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी। अपने संबोधन में उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कोई बड़े से बड़ा प्रभावशाली व्यक्ति विशेष, अपना दल को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी संस्थापक डा. सोनेलाल पटेल के विचारों को बेचने का प्रयास कोई करता है तो उसे कत्तई माफ नहीं किया जाएगा। प्रतापगढ़ सांसद अद के क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिवंश सिंह ने कहा कि पार्टी का विवाद शीघ्र सुलझा लिया जाएगा। संकल्प दोहराया गया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी भाजपा के साथ मिलकर मजबूती के साथ लड़ेगी और बेहतर परिणाम सामने होंगे।