देश भर की महिला मंत्रियों का लखनऊ में होगा सम्मेलन
पंकजा मुंडे से मिलने के बाद रीता ने महिला सम्मेलन के आयोजन की जानकारी दी। रीता का कहना है कि जल्द ही सभी राज्यों की महिला मंत्रियों का सम्मेलन लखनऊ में होगा।
लखनऊ (जेएनएन)। देश के सभी राज्यों की महिला मंत्रियों का लखनऊ में सम्मेलन होगा। इसकी पहल महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने की है। विभिन्न राज्यों में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन और चुनौतियों से रूबरू होने और एक-दूसरे की बेहतर कार्यशैली अपनाने की गरज से रीता यह सम्मेलन कराना चाहती हैं। फिलहाल सम्मेलन की तारीख तय नहीं है लेकिन, इस दिशा में जल्द ही काम शुरू होगा।
दरअसल, रीता बहुगुणा जोशी इसी सिलसिले में मुंबई गई हैं। महाराष्ट्र में महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के संदर्भ में उन्होंने महिला बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे और राज्य मंत्री विद्या ठाकुर से मुलाकात की। वहां के योजनाओं के बारे में जानकारी और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। पंकजा मुंडे से मिलने के बाद रीता ने महिला सम्मेलन के आयोजन की जानकारी दी। रीता का कहना है कि जल्द ही सभी राज्यों की महिला मंत्रियों का सम्मेलन लखनऊ में होगा।