पुलिस उत्पीडऩ के खिलाफ आज आगरा बंद, जरुरी सेवाएं भी बाधित
ताजनगरी आगरा में बिगड़ती कानून व्यवस्था और आइजी कार्यालय पर व्यापारियों, नेताओं व मीडियाकर्मियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ शहर में उबाल है।
लखनऊ। ताजनगरी आगरा में बिगड़ती कानून व्यवस्था और आइजी कार्यालय पर व्यापारियों, नेताओं व मीडियाकर्मियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ शहर में उबाल है। व्यापारियों ने बुधवार को आगरा बंद का एलान किया है। इसके लिए मंगलवार को व्यापारी व समाज के अन्य वर्गों के लोग शहीद स्मारक पर एकत्र हुए और रणनीति तैयार की। वहीं मंगलवार को सराफा बाजार पूरी तरह बंद रहा।
सराफा कमेटी महामंत्री धन कुमार जैन पर जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया द्वारा आइजी कार्यालय पर आयोजित धरना पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया था। इसके खिलाफ व्यापारी समाज अब आरपार की लड़ाई की ताल ठोंक रहा है। विरोध में मंगलवार को सुबह सराफा बाजार बंद रखा गया। बंदी पूर्ण सफल रही।
शहीद स्मारक पर हुई बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रमुख नेता, डॉक्टर, वकील के अलावा समाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। एक स्वर में पुलिस की तानाशाही और पुलिस व अपराधियों के बीच गठजोड़ पर आवाज बुलंद की। तय हुआ कि बुधवार को ऐसी बंदी हो कि सड़क पर चाय तक नसीब न हो। श्री सराफा कमेटी के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि बंदी में आवश्यक सेवाओं को बाहर रखा गया है।
यह सेवाएं रहेंगी प्रभावित
- दवा की दुकानें बंद रहेंगी।
- लोडिंग टैंपो, ट्रांसपोर्ट सेवाएं बंद रहेंगी।
- अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
- लोहा बाजार, मशीनरी उद्योग, मार्बल व्यापार भी बंद रहेगा।
- हलवाई और चाय की दुकानें बंद रहेंगी।