महापौर पर भाजपा के अधिकांश प्रत्याशी बढ़त पर
नगर निकाय चुनाव : सातवां चरण
- आगरा व इलाहाबाद में बसपा समर्थित उम्मीदवार आगे
जागरण टीम, लखनऊ : प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में महापौर के पद की मतगणना का सातवें चक्र खत्म होने के बाद अधिकांश जगह पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त पर थे। भाजपा प्रत्याशी लखनऊ, मेरठ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मुरादाबाद, झांसी तथा अलीगढ़ में बढ़त पर थे जबकि इलाहाबाद व आगरा में बसपा समर्थित प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी थी। बरेली में सपा समर्थित प्रत्याशी आगे चल रहे थे।
लखनऊ में भाजपा के डॉ. दिनेश शर्मा कांग्रेस के डॉ. नीरज बोरा से बीस हजार वोट से आगे थे। मेरठ में भाजपा के हरिकात अहलूवालिया सपा समर्थित रफीक अंसारी से एक लाख दो हजार से आगे थे। कानपुर में भाजपा के कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण कांग्रेस के पवन गुप्त से आठ हजार वोट की बढ़त पर थे। वाराणसी में भाजपा प्रत्याशी रामगोपाल मोहले काग्रेस के डॉ. अशोक सिंह से पांच हजार वोट से आगे चल रहे थे। गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी डा. सत्या पाडेय काग्रेस की डा. सुरहिता करीम से 17 हजार वोट से आगे थीं। मुरादाबाद में भाजपा की वीना अग्रवाल काग्रेस के डा. सादिक सिद्दीक से पचास हजार वोट की बढ़त पर थीं। झांसी में भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी थी जबकि अलीगढ़ में भाजपा की शकुंतला भारती ने बसपा समर्थित रजिया खान को पर 25 हजार से अधिक वोट से आगे थीं।
आगरा में बसपा समर्थित प्रत्याशी करतार सिंह भाजपा के इंद्रजीत वाल्मीकि से आगे थे। इलाहाबाद में बसपा समर्थित तथा पूर्व मंत्री नंदगोपाल गुप्त 'नंदी' की पत्नी अभिलाषा ने भाजपा की कमला सिंह पर बढत रखी थी। बरेली में सपा समर्थित डा. आइएस तोमर भाजपा के गुलशन आनंद से तीन हजार वोट की बढ़त पर थे।
प्रतापगढ जिले में प्रत्याशियों के हंगामे के कारण नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतगणना दोपहर एक बजे तक शुरु नहीं हो सकी। प्रत्याशी समर्थकों का कहना था पालिटेक्निक का मतगणना स्थल छोटा है, वे मतगणना किसी और स्थान पर कराना चाह रहे थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर