सीबीआइ कोर्ट के बाबू ने किया आत्महत्या का प्रयास
जागरण संवाददाता, लखनऊ: सीबीआइ कोर्ट के बाबू दीनदयाल नगर खदरा निवासी महेंद्र कुमार तिवारी ने दोनों हा
जागरण संवाददाता, लखनऊ: सीबीआइ कोर्ट के बाबू दीनदयाल नगर खदरा निवासी महेंद्र कुमार तिवारी ने दोनों हाथों की नस काट ली, लेकिन वक्त रहते सूचना पर पहुंचे डायल 100 वाहन के पुलिसकर्मियों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इससे उनकी जान बच गई। पुलिस के मुताबिक महेंद्र ने पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास किया।
दीनदयाल नगर निवासी महेंद्र कुमार तिवारी सोमवार को अपने घर में अकेले ही थे। उन्होंने दरवाजा बंद करके कमरे में कुर्सी पर बैठकर दोनों हाथों की नसें ब्लेड से काट लीं। अधिक रक्तस्राव से वह बेहोश हो गए। पड़ोसियों ने घर से खून निकलता देखकर कंट्रोल रूम फोन कर दिया। डायल 100 वाहन से नन्हकू राम, पुष्पेंद्र कुमार व असलम मौके पर पहुंचे। तीनों ने पहले लोहे का दरवाजा धक्का मारकर खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तो पुलिसकर्मी पड़ोसी की छत से महेंद्र के घर में दाखिल हुए। घायल के हाथों पर कसकर कपड़ा बांधकर रक्तस्राव रोका। फिर अपने वाहन से तत्काल अस्पताल ले गए।
चौकी प्रभारी मदेयगंज संतोष कुमार तिवारी के मुताबिक महेंद्र शराब पीता था। विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके चली गई। दो बार पत्नी को लेने गया लेकिन वह नहीं लौटी। इसी गम में महेंद्र ने आत्महत्या का प्रयास किया। महेंद्र के पिता श्रीराम प्रकाश सीबीआइ कोर्ट में पेशकार थे, अभी जल्द ही वह सेवानिवृत्त हुए हैं। वह बेटे के साथ ट्रॉमा सेंटर में मौजूद हैं।