लखनऊ में अगवा कर किशोरी से दुष्कर्म
आरोप है कि 19 मार्च को आरोपी किशोर व उसके पिता ने किशोरी को अगवा किया और इसके बाद किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
लखनऊ (संवाद सूत्र)। कृष्णानगर क्षेत्र में एक किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पहले मामले की शिकायत पारा थाने में की गई थी लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। तब पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। अब एसएसपी के निर्देश पर कृष्णानगर पुलिस ने नाबालिग आरोपी व उसके पिता के खिलाफ किशोरी को अगवा करने, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित किशोरी ने अपने बयान में बताया कि वह आरोपी किशोर से पूर्व से परिचित है और दोनों ने एक मंदिर में विवाह कर लिया था। पुलिस आज किशोरी के बयान कोर्ट में दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। पारा क्षेत्र निवासी पीड़ित किशोरी (15) के भाई की तहरीर पर कृष्णानगर पुलिस ने आरोपी किशोर व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी कक्षा पांच की छात्रा है।
आरोप है कि 19 मार्च को आरोपी किशोर व उसके पिता ने कृष्णानगर क्षेत्र से किशोरी को अगवा कर लिया था। इसके बाद किशोर ने उसे अपने एक रिश्तेदार के घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया गया कि पूर्व में पारा पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के साथ ही किशोर को पकड़कर पूछताछ की थी लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
यह भी पढ़ें: 12वीं की छात्रा के साथ किया रेप, बेहोश होनेे पर बनाया आपत्तिजनक वीडियो
पारा पुलिस मामले को टरकाने में लगी थी। पुलिस ने आरोपी किशोर को भी छोड़ दिया था। तब पीड़ित किशोरी पक्ष ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। इंस्पेक्टर कृष्णानगर सुजीत कुमार दुबे के मुताबिक किशोरी के आज कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपी किशोर व उसके पिता की तलाश की जा रही है। किशोरी की गुमशुदगी पारा थाने में दर्ज कराई गई थी।
यह भी पढ़ें: पहले पति को दुष्कर्म केस में फंसाया फिर समझौते के नाम पर ठगे दस लाख