सावन के गीतों से सजेगी साझी विरासत की शाम
लखनऊ : प्रदेश की लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए होने वाले दो दिवसीय साझी विरासत 'बरखा बहार' का
लखनऊ : प्रदेश की लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए होने वाले दो दिवसीय साझी विरासत 'बरखा बहार' का आयोजन शनिवार को किया जाएगा। साझी विरासत में इस बार श्रोता सावन पर आधारित लोकगीतों का लुत्फ उठाएंगे। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध लोकगीत कजरी का मधुर संगीत लोहिया पार्क में गूंजेगा। वहीं, लोकगायन के साथ पारंपरिक नृत्य का भी प्रदर्शन होगा।
संस्कृति विभाग की ओर से होने वाले साझी विरासत का आयोजन हर महीने के तीसरे शुक्रवार व शनिवार को कराया जाता है। इस बार यह शनिवार व रविवार को कराया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन शनिवार को दिल्ली की प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायिका कुमुद दीवान अपने संगीत का जादू बिखेरेंगी। उनके बाद शहर की गायिका मंजुला दिवाकार भी प्रस्तुति देंगी। वहीं रविवार को गायिका मालविका हरिओम कजरी गायन से सावन की मनमोहक छटा का अहसास कराएंगी। अवध की लोक गायिका ऋचा जोशी भी अपनी एकल प्रस्तुति देंगी। कजरी गायन के साथ लोकनृत्य वर्षा ऋतु पर होने वाले पारंपरिक आयोजनों का प्रतीकात्मक विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में सचिव एवं निदेशक संस्कृति विभाग नीलम अहलावत व विशेष सचिव एवं अपर निदेशक संस्कृति विभाग सूर्यमणि लालचंद्र अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।