नागपुर की ज्योति चौहान ने जीती शारदा ताज हाफ मैराथन
केन्या के सैमुअल ने आज ताजनगरी आगरा में आयोजित शारदा ताज हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में नागपुर की ज्योति चौहान ने बाजी मारी।हाफ मैराथन को फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के साथ केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. राम शंकर कठेरिया ने रवाना किया।
लखनऊ। केन्या के सैमुअल ने आज ताजनगरी आगरा में आयोजित शारदा ताज हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में नागपुर की ज्योति चौहान ने बाजी मारी। इससे पहले 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के साथ केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री तथा आगरा से सांसद डॉ. राम शंकर कठेरिया ने रवाना किया।
शारदा ताज हाफ मैराथन का फ्लैग ऑफ प्रात: 6:30 बजे हुआ। मैराथन को लेकर आज ताजनगरी के लोगों में खासा उत्साह था। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में 33 हजार लोगों ने अपना पंजीकरण कराया था।केन्या के सैमुअल ने प्रथम शारदा ताज मैराथन का खिताब अपने नाम किया। इनको नकद पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपया प्रदान किया गया। सैमुअल भारत में पांच मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं। सैमुअल ने 21 किलोमीटर की दूरी को 66 मिनट में पूरा करने के बाद पहला स्थान प्राप्त किया।
सिकंदरा से एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम तक आयोजित की गई इस हाफ मैराथन में कुल पांच लाख रुपये की प्राइजमनी रखी गई थी। हाफ मैराथन के साथ ही अन्य चार वर्ग में दौड़ आयोजित की गई थी। आगरा के सिकंदरा से गुरुद्वारा गुरु का ताल ओवरब्रिज होते हुए मदिया कटरा से हरीपर्वत, सूरसदन तिराहा, पालीवाल पार्क, जीवनी मंडी, यमुना किनारा रोड, मोतीलाल नेहरू पार्क, शाहजहां गार्डन, पुरानी मंडी चौराहा, ताज व्यू तिराहा, टीडीआइ मॉल होते हुए ओनली रेस्टोरेंट, होटल क्लार्क शीराज से मुख्य डाकघर होते हुए हाफ मैराथन एकलव्य स्टेडियम पर सम्पन्न हो गई।