देश को समर्पित बीएचयू का 100वां साल, विद्यार्थियों में उमड़ा उत्साह
काशी हिंदू विश्वविद्यालय का शताब्दी वर्ष समारोह एवं स्थापना दिवस ऐतिहासिक बन गया। बीएचयू के 100वें साल में शनिवार को सभी संकायों के विभागों की ओर से निकाली गईं झांकियां देश को समर्पित थीं।
लखनऊ। काशी हिंदू विश्वविद्यालय का शताब्दी वर्ष समारोह एवं स्थापना दिवस ऐतिहासिक बन गया। बीएचयू के 100वें साल में शनिवार को सभी संकायों के विभागों की ओर से निकाली गईं झांकियां देश को समर्पित थीं। वंदे मातरम, भारत माता व हर-हर महादेव के नारों से विद्यार्थियों ने पूरे राष्ट्र को देश भक्ति का संदेश दिया। इसमें कला, संगीत, तकनीक, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, विज्ञान की झलक एक साथ दिखी। इस पल को संजोए रखने की ख्वाहिश लिए हर कोई मगन था। छात्र-छात्राओं के साथ ही गुरुजनों का भी उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न कलाओं से जुड़ी झांकियों को देखने के लिए मानो पूरा शहर उमड़ पड़ा था।
झांकी को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। विभिन्न हॉस्टलों से झांकियां मालवीय भवन पहुंच रही थीं। यहां कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी सहित कई अधिकारी झांकी में शामिल होकर प्रतियोगियों का उत्साह बढ़ा रहे थे।
झांकियों के क्रम में सबसे पहले महिला महाविद्यालय की छात्राएं पहुंची। 10 बजे के बाद पहुंची छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर नुक्कड़-नाटक भी किया। इसके अलावा कई थीम पर संदेश दिया। पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान की ओर से भी झांकी निकाली गई। करीब साढ़े 10 बजे पहुंचे विद्यार्थियों ने काशी के साथ ही देश को प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश दिया।