संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार ने निहारा ताज
ताजमहल की खूबसूरती ने आज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रिंसेज सलमा बिन हमदान अल नहयान को भी दीवाना बना लिया। परिजनों के साथ ताज के दीदार के बाद आगरा किला का भी भ्रमण किया।
लखनऊ। ताजमहल की खूबसूरती ने आज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रिंसेज सलमा बिन हमदान अल नहयान को भी दीवाना बना लिया। परिजनों के साथ ताज के दीदार के बाद आगरा किला का भी भ्रमण किया। प्रिंसेज दोपहर करीब 12.30 बजे निजी विमान से आगरा पहुंचीं। ताज भ्रमण के दौरान सुरक्षाकर्मी शाही परिवार के सदस्यों को घेरे में लिए रहे। प्रिंसेज ने करीब डेढ़ घंटे ताज का दीदार किया। इस दौरान शहंशाह शाहजहां और उनकी बेगम मुमताज की प्रेम कहानी में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। गाइड से स्मारक की वास्तुकला के साथ शहंशाह की रिहाइश के विषय में भी पूछा। शाहजहां के आगरा किला में रहने का पता चलने पर शाही परिवार के सदस्य वहां भी भ्रमण को गए, जबकि यह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं था। पूर्व में यूएई के प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान का भी आगरा आगमन प्रस्तावित था, लेकिन वे नहीं आए। प्रिंसेज ने दोबारा फिर ताज देखने आने की इच्छा भी जताई।