आरएसएस से जुड़ेंगे आइपीएस अमिताभ ठाकुर
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह से विवादों के चलते निलंबित हुए उत्तर प्रदेश काडर के आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ेंगे। ठाकुर ने आज अपने लिखित बयान में कहा कि, आरएसएस राष्ट्रीय सोच और निश्चित सांस्कृतिक विचारों का सामाजिक संगठन है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह से विवादों के चलते निलंबित हुए उत्तर प्रदेश काडर के आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ेंगे। ठाकुर ने आज अपने लिखित बयान में कहा कि, आरएसएस राष्ट्रीय सोच और निश्चित सांस्कृतिक विचारों का सामाजिक संगठन है। महाराष्ट्र कॉडर के पूर्व आइपीएस अधिकारी एस.एम. मुशरिफ का वह बयान निंदनीय है जिसमें उन्होंने आरएसएस को भारत का नंबर एक आतंकी संगठन ठहराया है। ठाकुर ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सामाजिक संगठन को आतंकवादी संगठन बताना निंदनीय होने के साथ आतंक के वास्तविक खतरों से भटकाने का प्रयास भी है। यह प्रवृत्ति देश और समाज के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि इस अधिकारी के कथन की प्रतिक्रिया स्वरूप मैंने खुले तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ संबद्ध होने का निर्णय किया है। गौरतलब है, गत दिनों अमिताभ की पत्नी नूतन ठाकुर ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने का एलान किया था। उन्होंने कहा था सिर्फ भाजपा में ही आंतरिक लोकतंत्र है।