Move to Jagran APP

बिसाहड़ा कांड : बेटे को बचाने के चक्कर में गई इकलाख की जान

ग्रेटर नोएडा के बिसाहड़ा में मंदिर से गोमांस की सूचना प्रसारित होने के बाद भीड़ ने दानिश को सबसे पहले अपना निशाना बनाया था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस द्वारा की गई जांच में अभी तक यही बात सामने आई है। घर का दरवाजा टूटते ही भीड़ दानिश पर टूट पड़ी

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2015 08:26 PM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2015 08:46 PM (IST)
बिसाहड़ा कांड : बेटे को बचाने के चक्कर में गई इकलाख की जान

लखनऊ। ग्रेटर नोएडा के बिसाहड़ा में मंदिर से गोमांस की सूचना प्रसारित होने के बाद भीड़ ने दानिश को सबसे पहले अपना निशाना बनाया था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस द्वारा की गई जांच में अभी तक यही बात सामने आई है। घर का दरवाजा टूटते ही भीड़ दानिश पर टूट पड़ी थी। दादी असगरी, बहन शाहिस्ता व पिता इकलाख उसे भीड़ से बचाने की पूरी कोशिश कर रहे थे। बेटे को बचाने के लिए इकलाख भीड़ से छूट कर दानिश के शरीर पर लेट गया था। गुस्साई भीड़ ने भारी सामान उठाकर इकलाख के सिर पर पटक दिया था। इससे उसका सिर फट गया। अधिक खून बह जाने से इकलाख की मौत हो गई। भीड़ ने पीटकर दानिश को भी अधमरा कर दिया था। कैलाश अस्पताल में भर्ती दानिश अब भी घटना को लेकर सदमे में है। वह चाह कर भी उस पल को नहीं भुला पा रहा है। हालांकि परिवार के लोग उसे इस सदमे से उबारने की कोशिश कर रहे हैं।

loksabha election banner

बिसाहड़ा गांव में तैनात पुलिस बल गांव में आने-जाने वालों की पूरी जांच कर रही है। तसल्ली होने के बाद ही बाहर से आने वाले लोगों को गांव में प्रवेश दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार शाम को गांव में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। गांव के प्रवेश द्वार पर पुलिस ने अवरोध लगा रखा है, ताकि अनजान या अराजक तत्व को गांव में प्रवेश करने से रोका जा सके। गांव के अंदर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

दानिश खतरे से बाहर

डॉक्टरों के अथक प्रयास से दानिश अब खतरे से बाहर हो गया है। उसे बृहस्पतिवार को आइसीयू (इन्टीग्र्रेटेड केयर यूनिट) से एचडीयू (हाइ डिपेन्डेंसी यूनिट) में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों ने दानिश को दलिया खिलाया। उसने कुछ देर डॉक्टरों के साथ चहलकदमी भी की। कैलाश अस्पताल के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. वीबी जोशी ने बताया कि ब्लड, बीपी एवं अन्य कई तरह की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट लगभग सामान्य रही। वह अब हल्का भोजन भी ले पा रहा है। उसने डॉक्टरों के सहारे थोड़ी चहलकदमी भी की। रिपोर्ट सामान्य होने के बाद ही डॉक्टरों ने उसे एचडीयू में शिफ्ट करने का फैसला लिया। दोपहर बाद करीब तीन बजे आइसीयू से बाहर निकाल कर शिफ्ट कर दिया गया। दानिश अब तेजी से सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है। डॉ. जोशी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने डॉक्टर वरुण भार्गव से बातचीत कर उसका हाल जाना।

आरोपी होमगार्ड को क्लीन चिट

बिसाहड़ा कांड में पुलिस ने अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों का आरोप था कि विनय नाम के एक होमगार्ड ने भी वर्दी का धौंस देकर मंदिर के पुजारी से गोमांस होने की सूचना को प्रसारित कराने में भूमिका अदा की थी। पुलिस ने जांच के दौरान होमगार्ड को निर्दोष करार दिया है। गांव निवासी जयप्रकाश के परिजन का आरोप है कि होमगार्ड ने ही मंदिर के पुजारी पर दबाव बना कर सूचना प्रसारित कराई थी। पुलिस ने उसे घटना के तीसरे दिन ही हिरासत में ले लिया था, लेकिन जेल नहीं भेजा। जबकि गांव के अन्य युवकों को निर्दोष होने के बाद भी जेल भेज दिया है। एसपी देहात संजय ङ्क्षसह का कहना है कि होमगार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। जांच में वह निर्दोष पाया गया है। पुलिस ने बुधवार को गांव में कोई दबिश नहीं दी है। ये आरोप बेबुनियाद हैं।

बिसाहड़ा के दर्जनों युवक भूमिगत

बिसाहड़ा के दर्जनों युवक इकलाख की हत्या के बाद भूमिगत हो गए हैं। पुलिस अज्ञात भीड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। भीड़ में शामिल युवकों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। जो युवक गांव में हैं वह घर से निकलने से परहेज कर रहे हैं।

इकलाख का मकान बंद

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने के बाद इकलाख का परिवार अभी तक गांव नहीं लौटा है। घर पर कोई नहीं है। हालांकि, बगल के मकान में इकलाख का भाई रहता है। वह अपने बच्चों के साथ गांव में ही है। ग्रामीण उनसे गांव न छोडऩे का आग्रह कर रहे हैं। वहीं इकलाख के बच्चों की दिल्ली के सुब्रतो पार्क में शिफ्ट होने की बात कही जा रही है। गांव में मीडिया व राजनीतिक लोगों के आने-जाने से परिवार की शांति में खलल पैदा हो रहा था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.