अमेठी के सियासी अखाड़े में स्मृति और राहुल में जोर-आजमाइश
अमेठी के सियासी अखाड़े से निकली सम्राट बाइसकिल की जमीन की लड़ाई में जोर-आजमाइश बढ़ गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर किसानों की जमीन हड़पने संबंधी आरोप पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी कानूनी नोटिस भेजा है।
लखनऊ। अमेठी के सियासी अखाड़े से निकली सम्राट बाइसकिल की जमीन की लड़ाई में जोर-आजमाइश बढ़ गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर किसानों की जमीन हड़पने संबंधी आरोप पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं स्मृति ने रविवार को अमेठी पहुंचकर कहा कि अगर कांग्रेस और राहुल गांधी में दम है तो उन्हें जेल भेजकर दिखाएं। यह भी कहा कि अब अमेठी में दूध का दूध और पानी का पानी करके ही दम लेंगी।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने बताया कि कल शाम दिल्ली में एक वकील मेरे घर नोटिस दे गया। नोटिस में लिखा है कि अगर मैं कांग्रेस या फिर गांधी परिवार के किसी भी सदस्य के खिलाफ बोलूंगी तो मुझे सलाखों के पीछे भिजवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब अमेठी में सिर्फ बातों से काम नहीं चलेगा। यहां की जनता पिछले कई वर्षों का हिसाब मांगना चाहती है। मैं भी उनके साथ हूं और पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा, इसके लिए मुझे कोई कितनी भी नोटिस क्यों न भेजता रहे। मानव संसाधन विकास मंत्री ने अमेठी के गुंगवाछ और राजगढ़ गांव में एक स्वयंसेवी संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम मौजूद थीं।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्मृति ईरानी को नोटिस भेजकर उनसे अपने बयान पर खेद प्रकट करने और स्पष्टीकरण देने को कहा था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने रविवार को लखनऊ में बताया कि स्मृति ईरानी ने बीते दिनों अमेठी में आकर कहा था कि मां-बेटे (सोनिया-राहुल) ने उद्योग लगाने के नाम पर किसानों से ली गयी जमीन को हड़प लिया। ईरानी के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी केवल मूक दर्शक बनी नहीं रह सकती। यह पूछे जाने पर कि स्मृति ईरानी ने राजीव गांधी फाउंडेशन को जमीन मिलने की भी बात कही थी, जवाब में डॉ. खत्री ने कहा कि इस बारे में फाउंडेशन के लोग ही बता सकते हैं। हमारा सरोकार मां-बेटे पर की गयी भ्रामक एवं मिथ्या टिप्पणी से है। अगर मानव संसाधन मंत्री खेद प्रकट नहीं करती हैं तो कांगे्रस आगे उनके खिलाफ सिविल व क्रिमिनल मामलों में कानूनी कार्रवाई करेगी।
ध्यान रहे, स्मृति ईरानी ने पिछले अमेठी दौरे में सम्राट बाइसकिल की स्थापना के लिए राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में दी गयी जमीन पर उद्योग न लगाकर इसे हड़पने का आरोप कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर लगाया था।