एडीजी और छह डीआइजी समेत आठ आइपीएस के तबादले
प्रदेश सरकार ने आज आठ आइपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। लखनऊ को भी 28 दिन बाद डीआइजी रेंज मिल गया है। लखनऊ में डीके चौधरी को तैनाती मिली है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने आज एक एडीजी, छह डीआइजी और एक एसपी समेत आठ आइपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिये। माह भर बाद लखनऊ परिक्षेत्र में डीआइजी की तलाश पूरी हो सकी। आरके चतुर्वेदी को लखनऊ के डीआइजी पद से हटाये जाने के बाद से ही यह पद खाली था। अब देवेन्द्र कुमार चौधरी को यहां का डीआइजी बनाया गया है। चित्रकूट में खाली चल रहे पुलिस अधीक्षक के पद पर भी नई तैनाती की गयी है। इस फेरबदल में लंबे समय से गोरखपुर में परिक्षेत्र में तैनात डीआइजी डॉ. संजीव गुप्ता को हटा दिया गया है। माह भर पहले लखनऊ के डीआइजी आरके चतुर्वेदी को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया था। तब इस बात की चर्चा थी कि चतुर्वेदी को एक मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिये जाने की वजह से हटाया गया। हालांकि उनका नाम हमेशा सत्ता के भरोसेमंद अफसरों में शामिल रहा है। आजमगढ़ परिक्षेत्र में भी डीआइजी की तैनाती कर दी गयी है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में डीआइजी प्रशांत कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद से ही यह पद खाली चल रहा था।
नाम - वर्तमान - नवीन तैनाती
- बीके मौर्य - अध्ययन अवकाश से वापसी के बाद प्रतीक्षारत - एडीजी प्रशिक्षण
- राम कृष्ण चतुर्वेदी - डीजीपी से सम्बद्ध - डीआइजी गोरखपुर
- डॉ. संजीव गुप्ता - डीआइजी गोरखपुर रेंज - डीआइजी कार्मिक, डीजीपी मुख्यालय
- देवेन्द्र कुमार चौधरी - डीआइजी कार्मिक, डीजीपी मुख्यालय - डीआइजी लखनऊ परिक्षेत्र
- कृष्ण मोहन - डीआइजी पीएसी मुरादाबाद - डीआइजी पीएचक्यू, इलाहाबाद
- रतन कुमार श्रीवास्तव - डीआइजी अग्निशमन - डीआइजी आजमगढ़ परिक्षेत्र
- आशुतोष कुमार - डीआइजी ईओडब्लू - डीआइजी सतर्कता अधिष्ठान
- केशव कुमार चौधरी - डीजीपी से सम्बद्ध - पुलिस अधीक्षक चित्रकूट