वार्ड ब्वॉय ने मरीज से किया दुष्कर्म का प्रयास
संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को तार-तार करते हुए सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल में एक वार्ड ब्वॉय ने कल महिला मरीज से दो बार दुष्कर्म का प्रयास किया। पीडि़त महिला के परिवारीजन ने अस्पताल प्रशासन के सामने मामले को रखा तो इन लोगों ने मामला दबाने का प्रयास किया।
लखनऊ। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को तार-तार करते हुए सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल में एक वार्ड ब्वॉय ने कल महिला मरीज से दो बार दुष्कर्म का प्रयास किया। पीडि़त महिला के परिवारीजन ने अस्पताल प्रशासन के सामने मामले को रखा तो इन लोगों ने मामला दबाने का प्रयास किया। इसके बाद आईजी जोन के आदेश पर मामले की जांच की जा रही है।
सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल में महिला का लंबे समय से इलाज चल रहा है। कल एक वार्ड ब्वॉय ने पहले तो महिला से छेड़छाड़ की और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बीमार महिला कल शाम तथा रात में जब बेड से उतरकर शौचालय की ओर जा रही थी, तभी वार्ड ब्वॉय ने उसको स्टोर में खींचने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने के बाद वार्ड ब्वॉय ने महिला को छोड़ दिया। इसके बाद महिला ने अपने परिवार के लोगों को इस प्रकरण से अवगत कराया। महिला के परिवार के लोगों की शिकायत के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने मामले को दबाने-छुपाने की कोशिश की। इसके बाद आज सुबह परिवार के लोगों ने गोरखपुर जोन के आईजी से शिकायत की। उनके आदेश के बाद सदर सर्किल के डिप्टी एसपी को जांच कर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सीओ आज दोपहर तक अस्पताल आकर मामले की जांच शुरू कर देंगे।