नूतन ठाकुर ने प्रमुख सचिव की नियुक्ति पर उठाये सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय पर अपने दो दामादों को अनियमित तरीके से नौकरी देने के आरोप पर प्रमुख सचिव द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को आधारहीन और गलत बताया है। नूतन ने प्रमुख सचिव की नियुक्ति पर ही सवाल उठा दिए हैं।
लखनऊ। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय पर अपने दो दामादों को अनियमित तरीके से नौकरी देने के आरोप पर प्रमुख सचिव द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को आधारहीन और गलत बताया है। नूतन ने प्रमुख सचिव की नियुक्ति पर ही सवाल उठा दिए हैं।
सोमवार को विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने कहा था कि विधानसभा अध्यक्ष पर दुर्भावना के तहत आरोप लगाए गए हैं और विधानसभा में नियुक्ति में कोई अनियमिता नहीं की गयी है जबकि इसके पूर्व डॉ. नूतन ठाकुर ने ही विधानसभा अध्यक्ष पर अनियमितता के आरोप लगाते हुए राज्यपाल को इसकी शिकायत भेजी। मंगलवार को तीखी प्रतिक्रिया के साथ नूतन ने कहा कि दुबे ने अपने कथन में कोई तथ्यपरक बातें नहीं कही हैं और आरोपों को बहुत सामान्य शब्दों में नकारा है। उन्होंने कहा, माता प्रसाद पाण्डेय और सुखदेव राजभर के दामादों के बारे में चुप्पी उनके आरोपों को प्रमाणित करती है जो राज्यपाल की जांच में स्वत: सामने आ जाएगी। नूतन ने कहा कि प्रमुख सचिव दुबे की नियुक्ति खुद ही विवादित है जिसका वर्ष 2012 के प्रारंभ में तत्कालीन विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने जोरशोर से यह कहते हुए विरोध किया था कि वे विवादित और बसपा के एजेंट हैं। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया और यह केस तथ्यों पर नहीं बल्कि वादी के चुप हो जाने के कारण समाप्त हुआ।