मुख्यमंत्री को बताना होगा दावेदारों का विशेष गुण :राज्यपाल
मुख्यमंत्री को बताना होगा दावेदारों का विशेष गुण :राज्यपाल
लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को बाराबंकी में कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना ही होगा कि एमएलसी के जिन दावेदारों की सूची उन्होंने भेजी है, उनका विशेष गुण क्या है? नाईक बोले, राष्ट्रपति ने संविधान पालन कराने के लिए उन्हें नियुक्त किया है। संविधान में यह व्यवस्था है कि संगीत, कला, पत्रकारिता, साहित्य व लेखन आदि क्षेत्र से जुड़े विशेष गुण वाले लोगों को ही विधान परिषद के लिए मनोनीत किया जाए।
राज्यपाल देवा शरीफ में चादर चढ़ाने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से तीन मुद्दों पर जानकारी मांगी है। जिन लोगों की सूची भेजी है, उन पर कोई मुकदमा या आपराधिक इतिहास है। उनका आॢथक चाल-चलन कैसा है? और उनका विशेष गुण। मुख्यमंत्री ने सूची के साथ संक्षिप्त जानकारी दी थी जो मनोनयन के लिए पर्याप्त नहीं है। राज्यपाल ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि किसानों के नुकसान आकलन में मेरा-तेरा न हो, सही रिपोर्ट बनाई जाए। एक सवाल के जवाब में नाईक ने कहा कि प्रदेश में हत्याएं और बलात्कार हो रहे हैं। पुलिस वालों की हत्याएं हो रही हैं। सबकी जानकारी लेकर हम काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी प्रयास कर रहे हैं।