उत्तर प्रदेश के विरुद्ध दिल्ली से होती साजिश : मुलायम
मिशन-2017 की चुनावी लड़ाई की तैयारी में जुटे मुलायम सिंह यादव ने नाम लिए बगैर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ दिल्ली से साजिशें होती हैं, इससे सतर्क रहने की जरूरत है। सपा मुखिया ने केंद्र की भाजपा सरकार के एक साल को
लखनऊ। मिशन-2017 की चुनावी लड़ाई की तैयारी में जुटे मुलायम सिंह यादव ने नाम लिए बगैर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ दिल्ली से साजिशें होती हैं, इससे सतर्क रहने की जरूरत है। सपा मुखिया ने केंद्र की भाजपा सरकार के एक साल को दिशाभ्रम का शिकार बताया।
आज सपा कार्यालय में जिला, नगर अध्यक्षों को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश को बर्बाद कर रही है। किसानों की जमीन लुटवाई जा रही है। नौजवानों को नौकरी, महंगाई पर रोक व चीन को खदेडऩे का वादा केंद्र सरकार ने पूरा नहीं किया। यादव ने कहा कि जनता को भाजपा के छल का एहसास हो गया है। वह जानती है कि केंद्र में किसानों, गरीबों, मजदूरों और अल्पसंख्यकों की नहीं, कारपोरेट घराने की सरकार है। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, पिछड़ा वर्ग के प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, महामंत्री अरविन्द सिंह ' गोप ' और प्रदेश सचिव एसआरएस यादव मौजूद थे।
एक पटरी पर न चलने का दर्द
सरकार में कौन गड़बड़ कर रहा है? मुलायम ने यह सवाल पूछा तो कई जिला और नगर अध्यक्ष ने मंत्रियों, विधायकों की शिकायतों का अंबार लगा दिया। दो मंत्रियों पर भ्रष्टाचार व कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनने का इल्जाम लगाया। कहा गया कि संगठन की बैठकों में मंत्री, विधायक हिस्सा नहीं लेते। पूर्वांचल के एक जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुराने प्रत्याशियों को फिर टिकट दिया गया तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। रुहेलखंड के एक नगर अध्यक्ष ने माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विभागीय मंत्री सुनते तक नहीं हैं। मुलायम ने पदाधिकारियों को रोकते हुए कहा कि मौखिक नहीं, लिख कर दें। संगठन सर्वोपरि है, यहां हर किसी को ध्यान रखना होगा।
चुनावी अभियान शुरू करने की हिदायत
मुलायम ने जिलाध्यक्षों से कहा कि वह मिशन-2017 की कामयाबी के लिए अभी से जुट जाएं। संगठन को मजबूत कर विपक्षी दलों की आलोचना और सद्भाव बिगाडऩे वालों को करारा जवाब दें। हर बूथ पर 20 यूथ मुस्तैद करने और सेक्टर कमेटियों को सक्रिय करने का भी निर्देश दिया।