राहुल के सामने उठी आवाज, प्रियंका को दें अमेठी की जिम्मेदारी
राहुल गांधी की सांसद निधि में हो रहे खेल पर आज बैठक में कांग्रेसी मुखर रहे। कांग्रेसियों ने जांच के साथ ही पार्टी को बदनाम करने वालों की पहचान उजागर करने की भी मांग की। इस दौरान अमेठी की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को दिए जाने की पुरजोर मांग भी उठी।
लखनऊ। राहुल गांधी की सांसद निधि में हो रहे खेल पर आज बैठक में कांग्रेसी मुखर रहे। कांग्रेसियों ने जांच के साथ ही पार्टी को बदनाम करने वालों की पहचान उजागर करने की भी मांग की। इस दौरान अमेठी की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को दिए जाने की पुरजोर मांग भी उठी। राहुल ने सारी बातों को सुनकर प्रियंका के साथ वरिष्ठ कांग्रेसियों की बैठक कराने का आश्वासन दिया।
आज अमेठी में शाहगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी शत्रुघ्न सिंह, भादर के अशोक सिंह हिटलर, अमेठी के संजय पाठक ने राहुल से मुलाकात की। शत्रुघ्न ने कहा कि पार्टी के अंदर ही लोगों ने अपनी अलग लाबी बना ली है और सांसद प्रतिनिधि से वरिष्ठ कांग्रेसियों का मिलना मुश्किल है। अशोक सिंह ने राहुल से कहा कि सांसद निधि के खेल में कांग्रेसियों का नाम आना शर्मनाक है। 'आप अपने स्तर से इसकी जांच कराइए और जो भी दोषी हैं, उन्हें पार्टी से बाहर किया जाए।
हां, गृहमंत्री को पत्र लिखा
राहुल गांधी मुसाफिरखाना के दादरा गांव में ब्लाक अध्यक्ष कृपा शंकर सिंह के घर ढांढस बंधाने गए। यहां पत्रकारों द्वारा मेगा फूड पार्क रद किए जाने पर गृहमंत्री को पत्र लिखे जाने संबंधी सवाल पर दो टूक जवाब देते हुए कहा, हां पत्र लिखा है। यहां के बाद नौरंगाबाद में ग्राम प्रधान के यहां उन्होंने खास सिपहसालारों के साथ एक गोपनीय बैठक भी की। उधर भाजपाइयों ने राजर्षि तिराहे पर सांसद राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का नारा था कि राहुल गांधी झूठे वादे करते हैं।