फिर नौजवान ही बनाएंगे सपा की सरकार : अखिलेश
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2012 में नौजवानों ने सपा की सरकार बनाई और 2017 में भ
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2012 में नौजवानों ने सपा की सरकार बनाई और 2017 में भी हमारी सरकार बनाएंगे। उन्हें सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और विकास से उन्हें रूबरू कराने का जिम्मा उठाना होगा। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने संगठन और अधिकारियों की शिकायत की तो मुख्यमंत्री ने कहा कि लिखित शिकायतें करो।
मुख्यमंत्री मंगलवार को कालिदास मार्ग स्थित जन सुनवाई कक्ष में सपा के युवा संगठनों के पदाधिकारियों से मुखातिब थे। उन्होंने अनुशासित सियासत का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि अफसरों से अगर कहीं शिकायत और दिक्कत है तो सार्वजनिक स्थलों पर टिप्पणी के बजाय लिखित शिकायत करें, निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का सम्मान प्राथमिकता में शुमार है। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने मिशन 2017 के अभियान के लिए युवाओं को जागरूक किया। प्रदेश में मेट्रो, आइटी सिटी और नये बिजली कारखानों के निर्माण की शुरुआत, मुफ्त लैपटाप, बेरोजगारी भत्ता योजना, कौशल विकास कार्यक्रम, 'हमारी बेटी, उसका कल' योजना के बारे में प्रचार प्रसार करने के मंत्र दिए।