अलग-अलग शादी समारोहों में गोली लगने से आठ घायल
लखनऊ। प्रदेश में अलग-अलग शादी समारोह में हर्ष फायरिंग और शराबियों के विवाद में आठ लोग घायल हो गए हैं
लखनऊ। प्रदेश में अलग-अलग शादी समारोह में हर्ष फायरिंग और शराबियों के विवाद में आठ लोग घायल हो गए हैं। सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खुशी के मौके पर इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
पहली घटना गोरखपुर के चिलुआताल उमरपुर गाव मे रविवार को रामप्रीत के घर आयी बरात में हुई। यहां हर्ष फायरिंग में युवक को गोली लग गई। गंभाीर हालत में उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहा हालत गंभीर होने पर उसे संजय गाधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) लखनऊ रेफर कर दिया गया। बरात में फायरिंग करने वाले युवक को गाव वालो ने पकडकर पुलिस के हवाले कर दिया है।
वहीं कानपुर देहात के भोगनीपुर कस्बे में बारात में आए कालपी के मिर्जा मंडी निवासी चाचा रमेश यादव व भतीजे सरमन के बीच बंटवारे के विवाद में गोली चल गई। गोली लगने से चाचा गंभीर रुप से घायल हो गए जिन्हें कानपुर में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर बारातियो में मारपीट भी हुई। भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के लाइसेंसी रिवाल्वर पुलिस ने जब्त कर लिए।
उधर, एटा कोतवाली के गाव पमास में तिलक के दौरान शराबियों में कहासुनी हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग में मैनपुरी के दन्नाहार थानाक्षेत्र के गाव बरौली निवासी गोविंद के पेट में गोली लग गई। अलीगढ़ के नौरंगाबाद निवासी प्रवीण और मनीष तथा पमास निवासी पूरन सिंह भी जख्मी हुए हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं एक अन्य घटना में राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में शादी समारोह में नृत्य के दौरान चली गोली से दिलीप कनौजिया नामक युवक घायल। गोली चलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।