Move to Jagran APP

सपा में अमर सिंह के आने की चर्चा तेज

लखनऊ। सपा में अपनी अहमियत को लेकर पूर्व सांसद अमर सिंह हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। सपा छोड़ने के बाद

By Edited By: Published: Mon, 04 May 2015 10:34 AM (IST)Updated: Mon, 04 May 2015 10:34 AM (IST)
सपा में अमर सिंह के आने की चर्चा तेज

लखनऊ। सपा में अपनी अहमियत को लेकर पूर्व सांसद अमर सिंह हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। सपा छोड़ने के बाद भी उन्होंने कई बार अपना 'पारिवारिक प्रेम' दिखाया तो कई बार 'तीर' चलाने से भी परहेज नहीं किया। इस नूरा-कुश्ती के बीच हमेशा यह कयास लगे कि अमर सिंह की सपा में वापसी हो रही है। रविवार को पत्रकारों के एक सवाल पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के जवाब से इस कयास को बल मिला।

loksabha election banner

शिवपाल से जब पत्रकारों ने अमर सिंह की सपा में वापसी की बात पूछी तो उन्होंने कहा कि अमर सिंह खुद प्रेस कांफ्रेंस करके आप लोगों को बता देंगे। शिवपाल के इस अर्थपूर्ण संदेश से यह निहितार्थ निकाले गए कि अब अमर सिंह जल्द सपा में वापस होंगे। इस कयास की और भी वजहें हैं। अभी मुख्यमंत्री के जर्मनी दौरे से पहले अमर सिंह ने ब्रिटिश प्रतिनिधि मंडल के साथ मुख्यमंत्री आवास पर अखिलेश यादव से मुलाकात की। लखनऊ में उनके गुपचुप दौरे भी होते रहते हैं। सपा मुखिया और अन्य प्रमुख लोगों से उनकी मुलाकात भी होती है। कई बार दौरे सार्वजनिक हो जाते और कई बार गोपनीयता बरती जाती है। इतना जरूर है कि अमर सिंह को लेकर मुलायम परिवार में जो तल्खी रही, वह पहले से कम हो गयी है। प्रो. राम गोपाल यादव की बात छोड़ दी जाए तो सबसे अमर सिंह की नजदीकियां भी बढ़ी हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ यह भी दावा कर रहे हैं कि वर्ष 2016 में राज्यसभा चुनाव के दौरान अमर सिंह सपा में शामिल होंगे। राज्यसभा में जाना तय होने के बाद ही वह ऐलान करेंगे। इससे पहले वह कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। उनके बार-बार आगमन और सपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात को लेकर अब कोई संदेह नहीं रह गया है। माना जा रहा है कि देर सवेर अमर सिंह के सपा में आने की घोषणा हो जाएगी। हालांकि जनेश्वर मिश्र पर आयोजित कार्यक्रम में भी जब शामिल हुए थे तो उम्मीद थी कि सपा में आएंगे लेकिन बात नहीं बनी। सियासत में कब बाजी पलट जाए कहा नहीं जा सकता, मगर अमर सिंह से जुड़े लोगों की भी सपा से नजदीकियां देखी जा रही हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.