एटा गंगा नदी में पांच महिलाएं डूबीं, दो की मौत
एटा जिले में दो महिलाएं और तीन किशोरियां गंगा में डूब गईं। इनमें से तीन को बहादुर किशोर ने जान जोखिम में डालकर बचा लिया जबकि दो की मौत हो गई। प्रशासन ने शव निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। हादसा तब हुआ, जब ये महिलाएं व किशोरियां
लखनऊ। एटा जिले में दो महिलाएं और तीन किशोरियां गंगा में डूब गईं। इनमें से तीन को बहादुर किशोर ने जान जोखिम में डालकर बचा लिया जबकि दो की मौत हो गई। प्रशासन ने शव निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। हादसा तब हुआ, जब ये महिलाएं व किशोरियां अपने खेतों पर जाने को तैरकर गंगा पार कर रहीं थीं।
तराई के गांव कादरगंज पुख्ता की दो महिलाएं नसीम बानो (28) पत्नी हाकिम खां और सितारा बेगम (40) पत्नी रफीक, अफरोज (15) पुत्री शाहिद खां, गुलशन (14) पुत्री शमीम, गुलिस्तां उर्फ नन्नी (14) पुत्री हसमुद्दीन के साथ शुक्रवार सुबह 11 बजे खेत पर जाने को निकली थीं। ये लोग हर रोज अपने पाले (खरबूज, ककड़ी, तरबूज) आदि के खेतों पर काम करने तैरकर जाती थीं। शुक्रवार को भी महिलाएं और लड़कियां गंगा में उतर गईं। थोड़ा गहरे में जाकर डूबने लगीं, तो चीख-पुकार मचाई। इसी बीच अफरोज और गुलशन डूब गईं। पास में ही कादरगंज पुख्ता का 16 वर्षीय किशोर मुस्लिमन लड़कियों को डूबते देख पानी में कूद गया।
अपनी जान जोखिम में डालकर इस बहादुर ने सितारा बेगम, नसीम बानो और गुलिस्तां को बचा लिया। डूबी दोनों किशोरियों की तलाश भी करता रहा, मगर उनके शव नहीं मिले। इधर बचाई गई दोनों महिलाएं और एक किशोरी बेहोश थीं, उन्हें तत्काल बदायूं के जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। थोड़ी देर में घटना स्थल पर कई गांंवों के लोग उमड़ पड़े। एसडीएम परवेज अहमद समेत पुलिस व प्रशासन के अफसर पहुंच गए। गोताखोरों ने शाम तक डूबी किशोरियों की तलाश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शनिवार सुबह प्रशासन पीएसी के गोताखोरों को लगाएगा।