कानपुर देहात में दूल्हे ने बताए 15+6=17 और लौट गई बरात
कानपुर देहात में दूल्हे के अशिक्षित होने की पोल खुलने पर इंटर पास दुल्हन ने फेरे लेने से इन्कार कर दिया। पंचायत में मामला न सुलझने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां हुए समझौते में एक दूसरे का सामान वापस करने के बाद बरात बिन दुल्हन वापस लौट गई।
लखनऊ। कानपुर देहात में दूल्हे के अशिक्षित होने की पोल खुलने पर इंटर पास दुल्हन ने फेरे लेने से इन्कार कर दिया। पंचायत में मामला न सुलझने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां हुए समझौते में एक दूसरे का सामान वापस करने के बाद बरात बिन दुल्हन वापस लौट गई।
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कारेरामपुर गांव निवासी मोहर सिंह ने पुत्री लवली की शादी ग्राम राहत पुरा थाना बकेवर इटावा निवासी बाबूराम के पुत्र रामबरन के साथ तय की थी। धूमधाम से बरात गांव पहुंची, द्वारचार व चढ़ावे की रस्म के बाद किसी बराती से दुल्हन के घर वालों को दूल्हे के अंगूठाछाप होने की जानकारी दे दी। इस बात पर फेरे लेने पहुंचे दूल्हे की महिलाएं परीक्षा लेने लगीं। एक युवती ने दूल्हे से 15 और 6 का जोड़ बताने को कहा। दूल्हे ने काफी देर तक गिनने के बाद योग 17 बताया। इससे तय हो गया कि दूल्हा पढ़ा-लिखा नहीं है। इससे नाराज दुल्हन ने फेरे लेने से इंकार कर दिया। बवाल बढऩे पर समारोह में आए लोग खिसक लिए। पूरे दिन पंचायत चलने के बाद भी बात न बनने पर मामला थाने पहुंचा। जहां दुल्हन के पिता ने दूल्हे के अशिक्षित होने की बात छिपा कर शादी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने एक दूसरे का सामान वापस कराकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया, जिसके बाद बिन दुल्हन बरात वापस लौट गई।