शाही अंदाज में मना 75वां जन्मदिन, मंत्री बोले-हैप्पी बर्थ डे नेता जी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का कल देर रात रामपुर जन्मदिन शाही अंदाज में म
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का कल देर रात रामपुर जन्मदिन शाही अंदाज में मनाया गया। जौहर यूनिवर्सिटी में एक भव्य समारोह में आयोजित इस जन्मदिन समारोह के साक्षी बना उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार का पूरा मंत्रिमंडल। रात सवा 12 बजे केक काटा गया। इसके साथ ही सभी बोल उठे -हैप्पी बर्थडे नेताजी।
जौहर यूनिवर्सिटी में हुए कार्यक्रम में एक साथ कई मकसद पूरे किए गए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह का काफिला शाम को पांच बजे यूनिवर्सिटी पहुंच गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यकम हुए। मशहूर फनकारों ने गजल सुनाकर लोगों का दिल खुश कर दिया, जिसके बाद जन्मदिन पर केक काटने की तैयारी की गई। नेताजी 75 साल के हो गए, इसलिए केक भी 75 फीट का यू शेप में तैयार किया गया जिसकी ऊंचाई ढाई फीट थी। मंच से करीब एक किलोमीटर दूर म्यूजियम हाल में सवा बारह बजे मुलायम सिंह ने केक काटा, जिसे उन्होंने कार्यक्रम के अहम आयोजक आजम खां को खिलाया। फिर आजम खां ने मुलायम सिंह को केक खिलाया। इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, विधानसभा माताप्रसाद पांडेय, कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने भी मुलायम सिंह को केक खिलाकर बधाई दी।
इसके अलावा मंत्री, विधायक आदि एक साथ बोल पड़े-हैप्पी बर्थडे नेताजी। सभी ने नेताजी को केक खिलाने की कोशिश की, लेकिन नेताजी कुछ ही लोगों के हाथों से केक खा सके। मंत्री, सांसद, विधायक आदि पार्टी नेताओं ने नेता जी की लंबी उम्र की दुआ की। नेताजी तुम जियो हजारो साल और साल के दिन हों पचास हजार।
सजावट देखने सड़क पर निकले नेताजी
नेता जी, यानी समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव कल बेहद गदगद थे। जन्मदिन पर हुए स्वागत से और स्वागत के लिए की गई शाही सजावट से। सो, दिन बग्घी पर सवार होकर फूलों की वर्षा और गीत-संगीत के बीच गुजारे तो रात को रोशनी की चकाचौंध देखना भी नहीं भूले। जैसे ही रात हुई और खास रोशनी में शहर नहाया, नेताजी अपने पुत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को साथ ले सजावट देखने सड़क पर निकल पड़े। फिर क्या था जौहर रोड और यूनिवर्सिटी रोड सहित शहर की सड़कों पर पाच दर्जन से अधिक लाल बत्ती लगी गाड़ियों का काफिला देर रात तक घूमता रहा।