हाथरस के पास संगम एक्सप्रेस में डाका!
लखनऊ। अलीगढ़ में आज तड़के मेरठ से इलाहाबाद जा रही संगम एक्सप्रेस में दर्जनभर बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। हथियार बंद डकैत अलीगढ़ से ही ट्रेन में सवार हुए थे। अलीगढ़ से आगे बढ़ते ही लूटपाट शुरू कर दी। करीब 20 मिनट बाद ट्रेन जैसे ही हाथरस जिले के सासनी रेलवे स्टेशन से गुजरी डकैत चेन पुलिंग करके उतर भागे।
यात्रियों की सूचना पर हाथरस जंक्शन स्टेशन पर ट्रेन की चेकिंग भी की गई। हालांकि, आरपीएफ लूटपाट की वारदात से इन्कार कर रही है।
मेरठ से इलाहाबाद जा रही संगम एक्सप्रेस अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से बुधवार रात 12.50 बजे कानपुर की ओर रवाना हुई थी। बताते हैं कि दर्जनभर डकैत भी यहीं से ट्रेन में सवार हो गए। अलीगढ़ स्टेशन से ट्रेन के रफ्तार भरते ही डकैत अपने असली रूप में आ गए। बताते हैं कि एस-5 बोगी में सवार डकैतों ने हथियारों के बल पर करीब डेढ़ दर्जन यात्रियों से लूटपाट की। जिसने विरोध किया, उसकी पिटाई भी की गई। डकैत ट्रेन में करीब 20 मिनट रहे। लूटपाट के बाद डकैतों ने हाथरस के सासनी रेलवे स्टेशन को पार करते ही आउटर पर चेन पुलिंग करके गाड़ी रोक ली और भाग निकले। हाथरस में गाड़ी रुकी तो इसकी चेकिंग की गई।
जीआरपी का कहना है कि ट्रेन में चल रहे स्क्वायड से बातचीत की गई है। उसने बताया है कि मडराक आउटर पर एक यात्री को उतरते देखा है। डकैती के बारे में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।