अब डैमेज कंट्रोल में जुटे अमित शाह
लखनऊ (राब्यू)। चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध हटाये जाने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह उत्तर प्रदे
लखनऊ (राब्यू)। चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध हटाये जाने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। आज लखनऊ पहुंचे शाह ने अगले दो चरणों के चुनावों के बारे में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। शाह दिन भर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर उनसे तीसरे और चौथे चरण के चुनाव वाली सीटों के चुनावी समीकरणों की जानकारियां बटोरते रहे। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठकें भी कीं। वाराणसी और लखनऊ सीट पर उनका खास फोकस था। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को चूंकि वाराणसी सीट से नामांकन करना है, इसलिए उसके पहले के सारे बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए अमित शाह 20 और 21 अप्रैल को वाराणसी में रहेंगे।
उप्र में अगले दो चरणों में जिन 26 सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें से भाजपा के कब्जे में मात्र दो सीटें-आगरा और लखनऊ हैं। शाह ने कार्यकर्ताओं को बताया कि पहले दो चरणों में भाजपा ने सूबे में अपने चुनावी अभियान का शानदार आगाज किया है। कार्यकर्ताओं का यह जोश और उत्साह आगे के चरणों में भी बना रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह भी समझाने की कोशिश की कि देश और प्रदेश में मोदी की लहर है, बस इसे और गति देने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ शाह का जोर पार्टी में जगह-जगह व्याप्त असंतोष के सुराख भरने पर भी रहा। उन्होंने खासतौर पर यह जानने की कोशिश की कि विभिन्न स्थानों पर किस तरह डैमेज कंट्रोल किया जा सकता है।