अयोध्या हुई राममय
अयोध्या(रमेश शर्मा)। श्रीराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर अयोध्या की सड़कों व गलियों में आस्था क
अयोध्या(रमेश शर्मा)। श्रीराम जन्मोत्सव पर अयोध्या की सड़कों व गलियों में आस्था का सैलाब उमड़ा दिखा। आज सूर्य की किरणें चटख होने के साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ी आमद से माहौल राममय हो गया। दोपहर में कपाट बंद होने के बावजूद परिसर व जगमोहन बधाई गान से गुलजार रहे। कनक भवन के निकट पेड़ की छांव तले बैठे श्रद्धालुओं के बीच नारी वेश में साधु द्वारा गाया जा रहा चित्ताकर्षक सोहर 'ललना जनमे हैं अवध मा आज' आकर्षण का केंद्र बना।
यूं तो प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन कल होगा, लेकिन साधु द्वारा माता कौशल्या के चिंतन पर केंद्रित सोहर के बोल प्रभु राम के जन्म का चित्रण कर रहे थे। 'मचिया ही बैठलि सोचलीं कौशल्या रानी ललना जनमे हैं अवध मा आज बधइया भलि बाजहि हो। सोने के खड़ंउवा राजा दशरथ चुटुर पुटुर आवैं हो राजा बांटत बहुत स दान बधइया भलि बाजहि हो'। सोहर में ही लोगों की जिज्ञासा का वर्णन भी यूं किया गया। 'केकर हंउवा राम केकर भैया लक्षमन केकर हंउवा भरत भुआल बधइया भलि बाजहि हो। कौशल्या के राम, सुमित्रा के लक्ष्मन कैकेई के भरत भुआल बधइया भलि बाजहि हों।