विषाक्त केक खाने से आधा दर्जन अचेत
ललितपुर: कोतवाली अन्तर्गत शहर के मोहल्ला लेंडि़यापुरा में विषाक्त बर्थ-डे केक खाने से शनिवार की देर
ललितपुर: कोतवाली अन्तर्गत शहर के मोहल्ला लेंडि़यापुरा में विषाक्त बर्थ-डे केक खाने से शनिवार की देर रात चार बच्चों समेत आधा दर्जन लोगों की उल्टी-दस्त से हालत बिगड़ गयी। अचेत अवस्था में उन्हे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला लेंड़ियापुरा निवासी कल्लू के पुत्र आशीष (11) का शनिवार को जन्मदिन था। इसके लिए रेलवे स्टेशन क्षेत्र की एक होटल से बर्थ-डे केक मँगाया गया था। रात्रि 9.30 बजे जन्मदिन की पार्टी के दौरान केक काटा गया। इसके बाद आशीष के भाई छोटू (7), बहिन पलक (8), माँ मानव (30) व नानी प्रेम बाई (60) पत्नी जालम, भतीजा सौरभ (14) पुत्र फूलचन्द्र निवासी नेहरूनगर ने केक खाया। 11 बजे अचानक सभी को उल्टी-दस्त होने लगे। एक के बाद एक सभी बच्चों की हालत बिगड़ती चली गयी, जिससे परिजनों में हड़कम्प मच गया। अनुमान लगाया गया कि जिस केक को उन्होंने खाया है, वह विषैला था। देर रात 2 बजे सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक साथ आधा दर्जन लोगों की हालत बिगड़ने की खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुच गयी। पुलिस ने पीड़ितों के बयान लिये। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुयी है।