शिष्या के साथ दुष्कर्म करने वाले कर रहे हैं लव जेहाद की बात
बाराबंकी : विधानसभा उप चुनाव के नतीजों से उत्साहित प्रदेश के नगर विकास मंत्री मो. आजम खां ने बिना नरेंद्र मोदी का नाम लिए उन पर व उनकी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा कि जुल्म और नफरत फैलाने वालों को जनता ने जवाब दे दिया। आज का फैसला अल्लाह का फैसला है।
मो. आजम स्थानीय मुगल दरबार में आयोजित ईद मिलन समारोह में कहा कि जो मोहब्बत और लव का मतलब भी नहीं जानते वे लव जिहाद की बात करते हैं। इस शब्द का ईजाद उन लोगों ने किया जिन पर अपनी ही शिष्या के साथ दुष्कर्म का आरोप है। वह व्यक्ति मदरसों के बारे में राय दे रहा है, जिसे उसका मतलब भी नहीं मालूम। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद तीन महीने समाजवादियों के पैर लड़खड़ा जाने चाहिए थे। आज के फैसले ने यह तय कर दिया कि चंद लोगों के कहने से सेकुलरिज्म खत्म नहीं हो सकती। तमाम मुसलमान बेटियां हिंदुओं के घरों में महफूज हैं। उन्होंने जोधा और अकबर के विवाह का जिक्र करते हुए कहा कि एक-दूसरे के साथ रिश्ते सदियों से चले आ रहे हैं।
उन्होंने पूछा कि एक व्यक्ति जो अपने आप को अंतरयामी बता रहा था। कह रहा था कि उसके हाथ में सत्ता आने से स्विस बैंक का पैसा भी वापस आ जाएगा। चीन ने जिस जमीन पर कब्जा कर रखा है वह जमीन भी छोड़ देगा। पाकिस्तान भी डरकर भाग जाएगा। अमेरिका हिलने लगेगा। उसका क्या हुआ? जनता ने गुजरात, सहारनपुर, इटावा, मैनपुरी में हुए दंगे का जवाब दे दिया। यह साबित हो गया कि देश रहेगा तो धर्म रहेगा। देश किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि हिंदुस्तानियों का है। वरिष्ठ अधिवक्ता इजहार हुसैन द्वारा आयोजित इस समारोह को पूर्व सांसद अनंतराम जायसवाल, कांग्रेस नेता डॉ. अम्मार रिजवी, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष गयासुद्दीन किदवई, मौलाना एसएमए काजमी, लखनऊ के मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, वन राज्यमंत्री फरीद महफूज किदवई, कृषि राज्यमंत्री राजीव कुमार सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश दीक्षित, अमीर हैदर, गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा, विधायक रामगोपाल रावत, राम मगन रावत, धर्मराज यादव, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, हुमायूं नईम खां आदि ने संबोधित किया।