तीसरे दिन भी उमड़े महागणेश के भक्त
जागरण कार्यालय, लखीमपुर : देवों में प्रथम गणेश के पूजन में तीसरे दिन भक्तों ने झूम-झूम कर भजन-कीर्तन गाए। 'गणपति राखो मेरी लाज' तथा 'स्वीकारों गणपति मेरा वंदन' जैसे भजन पूरी रात चले।
गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे शहर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। गणेश के भक्तों का उत्साह देखते नहीं बन रहा है। शहर के गल्ला मंडी स्थित सुभाष पार्क के सामने भगवान गणेश की करीब आठ फिट की प्रतिमा स्थापित करके भक्तों ने पूजा-अर्चना शुरू की है। जहां शनिवार की रात भक्तगण आरकेस्ट्रा पर भजन गाते दिखे। पूरी रात फिल्मी गानों की तर्ज पर भक्तों ने भगवान गणेश को खूब प्रसन्न किया, जमकर भजन गाए। इस दौरान श्रद्धालुओं का तांता भी लगा रहा, उधर बसंत टाकीज के निकट चल रही गणेश पूजा में कलाकारों ने सारी रात भजनों से समा बांधा। कीर्तनों सा सिलसिला सुबह चार बजे तक चला। इस दौरान भक्तों ने अपने इष्ट के दर्शन किए। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। उधर संकटा देवी मंदिर में मंदिर में भी भक्तों ने भगवान गणेश का पूजा-पाठ किया।
तिकुनिया संवादसूत्र के अनुसार : कस्बे में मनाए जा रहे गणेश उत्सव के तीसरे दिन भी भक्तों में जोरदार उत्साह देखा गया। सुबह नौ बजे भक्तों ने भगवान गणेश की पूजा कर आरती की। आरती में कस्बे के तमाम भक्तों ने भाग लिया। रात्रि में चली रासलीला में भक्तों की भी भीड़ पहुंच रही हैं। इससे कार्यक्रम करने वाले कलाकारों का मनोबल बढ़ा हुआ है। इस अवसर पर मनोज महावर, अजय गुप्ता, प्रेम अग्रवाल, मनोज सिंघल, आनंद सिंघल, सतीश जिंदल, मोला गर्ग सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ संवादसूत्र के अनुसार स्थानीय कृष्णा वाटिका में गणेश उत्सव के मौके पर धूमधाम से विभिन्न जीवंत झाकियों का प्रदर्शन किया गया। देर रात्रि तक भक्तों ने उत्सव का आनंद उठाया। गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न देव रूपों में कलाकारों ने शिव पार्वती के रूप में शिव ताडव किया। इस मौके पर प्रथम पूज्य गणेश, अमरदेव बाबा बजरंग बली के रूप धरकर कलाएं प्रस्तुत की। इस मौके पर हजारों भक्त मौजूद रहे।