शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ गणेश उत्सव
लखीमपुर : प्रथम पूज्य आदि देव श्रीगणपति महाराज की विघ्न निवारक गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्याम-भक्त प्रहलाद राय अग्रवाल चैरीटेबुल ट्रस्ट ने विधि-विधान से श्रीगणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया। समापन 8 सितंबर को होगा।
कार्यक्रम संयोजक अरुण अग्रवाल ने बताया कि गणपति की विशाल प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार सुजीत पाल ने किया है। इसकी विधिवत स्थापना पूजन वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा आचार्य पंडित रक्षाराम शास्त्री ने शुक्रवार को किया। प्रतिदिन नित्य पांच समय आरती, प्रात: पांच बजे मंगला आरती, प्रात: 8:30 बजे दर्शन आरती, दोपहर 12:30 बजे मध्याह्न आरती होगी। नित्य प्रति दोपहर एक बजे से पांच बजे तक कथवाचक आचार्य धर्मदत्त शास्त्री द्वारा संगीतमयी सरस मोक्ष दायिनी कथा श्रीमद भागवत पुराण प्रस्तुत की जाएगी। रात्रि सात बजे से प्रतिदिन भजन गायकों द्वारा जागरण कार्यक्रम एवं सुंदर सजीव झांकी भी दिखाई जाएगी। आठ सितंबर को मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम दोपहर एक बजे, हवन पूजा-भंडारा के बाद नगर शोभा के माध्यम से स्थानीय सेठघाट पर किया जाएगा।
तिकुनिया संवादसूत्र के मुताबिक कस्बे में भगवान गणेश महापर्व का शुभारंभ दिवस बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने गणेश की विशाल शोभा यात्रा कस्बे के सभी मार्गो पर निकाली। इससे पूरा कस्बा गणेश भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो गया। कस्बे में यह महापर्व आठ दिन तक चलेगा जिसको लेकर भक्तों में जोरदार उत्साह बना हुआ है।
कस्बे में भगवान गणेश उत्सव के अवसर पर भक्तों का जमावड़ा सुबह आठ बजे स्थानीय लक्ष्मी नारायण मंदिर पर लग गया। उसके बाद भक्तों ने मंदिर से भगवान गणेश की शोभा यात्रा की शुरुआत की। पंडित शिवचरण शर्मा, हरिओम मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, चंदन पाठक ने विधि-विधान से भक्तों से भगवान गणेश की पूजा कराई। शुरू हुई शोभा-यात्रा कस्बे के सभी मार्गो पर निकली। शोभायात्रा में भक्तों ने जमकर नृत्य किया और भजन-कीर्तन गाते हुए चलते रहे। इसके बाद शोभा यात्रा कई मार्गो से होती हुई कार्यक्रम स्थल रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची जहा पर पूजा पाठ के बाद उसकी स्थापना की गई। पंडित शिवचरण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम पूरे आठ दिन चलेगा। इसमें प्रतिदिन सुबह गणेश भगवान का श्रगार, दोपहर को राम कथा व रात्रि में रासलीला होगी। पांच सितंबर को भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन होगा। इस अवसर पर पं.शिवचरण शर्मा, मनोज महावर, मनोज सिंघल, रानू गुप्ता, वेदप्रकाश महावर, दीवान चंद, जयप्रकाश अग्रवाल, रोशनलाल शर्मा, चुनचुन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सागर गर्ग, दिनेश कुमार जैन, रामअवतार अग्रवाल, कैलाश गोयल, राजकुमार अग्रवाल, राजीव महावर, सानू गुप्ता, सतीश अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, धनीराम गोयल, अजय गुप्ता, अजय गर्ग, पुरुषोत्तमदास गर्ग, मुन्ना अग्रवाल, विष्णु गोयल, विकास अग्रवाल, अरुण अग्रवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।