महिलाओं पर अत्याचार रोकने में सरकार विफल
कुशीनगर: जिला कांग्रेस कमेटी की महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नगर क्षेत्र में रा
कुशीनगर: जिला कांग्रेस कमेटी की महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शनिवार
को नगर क्षेत्र में रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति लगवाने, महिलाओं पर दिनोदिन बढ़ते अत्याचार पर प्रभावी अंकुश लगाने, समेत सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में लिखा गया है कि पडरौना नगर में महापुरुषों की तमाम प्रतिमाएं लगी हैं लेकिन आज तक किसी महिला की प्रतिमा नहीं लगाई गई। इससे महिलाओं की उपेक्षा साफ जाहिर होती है। महिलाओं को आधी आबादी जैसे शब्दों से नवाजे जाने, पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के बावजूद कदम-कदम पर महिलाएं उपेक्षित हैं। यह अब बंद होना चाहिए। महिला पदाधिकारियों ने नगर में रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की। इसके अलावा नशाखोरी रोकने के लिए शराब बंदी लागू किए जाने, महिलाओं के प्रति बढ़ते, अत्याचार, अपराध पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने तथा महिलाओं की अर्जियों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने, बोर्ड की परीक्षा को देखते हुए बिजली कटौती बंद कर 24 घंटा आपूर्ति सुनिश्चित कराने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की व्यवस्था ठीक कराए जाने की मांग की गई। इस दौरान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुशीला गिरि, उमा शर्मा, खुशबू निशा, उर्मिला, रमावती, लालमती, नूरजहां, रूमाली, सोममती, इंदू, सुभावती देवी, मंजुलता देवी, सवांरी देवी, रतनमाला आदि मौजूद रही।