अधेड़ की हत्या कर जंगल में फेंका शव
कौशांबी : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव के समीप गुरुवार की सुबह जंगल में अधेड़ का शव मिलने
कौशांबी : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव के समीप गुरुवार की सुबह जंगल में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी है। कातिलों ने उसे गला घोट कर मौत के घाट उतारा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। दोपहर में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
काजीपुर गांव के लोग गुरुवार की सुबह जंगल की तरफ शौच को गए तो उनकी नजर लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति के शव पर पड़ी। अधेड़ के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर और बनियान थी। गले में कसे का निशान और शरीर पर चोट भी थी। शव मिलने की जानकारी गांव के अन्य लोगों को हुई तो काफी भीड़ जमा हो गई। अंदाजा लगाया गया कि अधेड़ की गला घोंटकर हत्या की गई है और लाश ठिकाने लगाने के लिए यहां लाकर फेंका गया है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास छानबीन किया लेकिन हत्यारों के बाबत कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मामले में अज्ञात कातिलों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरामुफ्ती और चरवा थाना सीमा के सैयदसरावां और तेरहमील गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में आम के पेड़ से लटकता हुआ एक 30 वर्षीय युवक का शव छह माह पहले मिला था। घटना के कुछ दिन तक तो शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। बाद में रांची से आये हुए युवक के परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की थी। युवक की मां व बहन ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से टांगने का आरोप लगाया था।