ट्रक ने बालिका को रौंदा, मौत
कौशांबी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के टिकरा गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बस से उतरी एक बालिका को ट्रक
कौशांबी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के टिकरा गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बस से उतरी एक बालिका को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने वाहन को चालक समेत पकड़ लिया। मारपीट कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मंझनपुर-महेवाघाट मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक ग्रामीण सड़क पर हंगामा करते रहे। इसकी जानकारी हुई तो मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे सीओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। तब जाकर आवागमन बहाल हो सका।
कानपुर नगर के थाना नरवल स्थित प्रतापपुर निवासी सूरजदीन की ससुराल महेवाघाट थाना क्षेत्र के ढेरहा गांव में है। उसके ससुराल में शादी पड़ी है। शुक्रवार को वह पत्नी गीता यादव व बेटी पूजा देवी (11) के साथ ससुराल आ रहा था। जैसे ही टिकरा गांव के पास वह बस से उतरा, उसी समय पीछे से आ रही एक ट्रक ने पूजा को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को दौड़ा लिया। कुछ दूर भागने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागने लगा। भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगे। इसी बीच सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को थाने में खड़ा कर दिया। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक ग्रामीण सड़क पर हंगामा करते रहे। महेवाघाट पुलिस के साथ ही मौके पर पश्चिमशरीर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन समझाने के बाद भी ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं थे। लोगों के आक्रोश की जानकारी होने पर वहां पहुंचे सीओ मंझनपुर रमाकांत यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने जाम खोल दिया।
-------
पल भर में काफूर हुई खुशियां
गीता पति व बेटी के साथ आपने मायके शादी में शामिल होने के लिए शुक्रवार को आ रही थी। रास्ते में उसकी दुनिया ही उजड़ गई। अभी वह मायके भी नहीं पहुंची थी, किसी रास्ते में उसकी बेटी हादसे का शिकार हो गई। लगभग दो साल पहले उसके एक बेटे की मौत हो चुकी है। अब एकलौती बची बेटी की भी मौत होने से उसकी तो मानो दुनिया ही उजड़ गई। मायके में परिवार के लोगों से मिलने की उसकी खुशियां काफूर हो गई।
------
हो चुके हैं कई हादसे
महेवाघाट के टिकरी गांव के पास हादसे में मौत का यह पहला मामला नहीं है। लगभग दो माह पहले चित्रकूट के रामघाट निवासी नारद को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उसे उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
----
जाम के दौरान मार्ग पर लगा जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीण लगभग एक घंटे तक जाम लगाए रहे। मामले की जानकारी के बाद सीओ मंझनपुर रमाकांत यादव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुल सका। तब आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान व्यस्त मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। जाम हटने के बाद वाहन चालकों को निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।