प्रदेश की सबसे खूबसूरत होगी 'अलवारा' बर्ड सेंचुरी!
कौशांबी : दोआबा के मानचित्र पर स्थित अलवारा झील प्रदेश की सबसे बड़ी बर्ड सेंचुरी बनेगी। प्रदेश सरकार
कौशांबी : दोआबा के मानचित्र पर स्थित अलवारा झील प्रदेश की सबसे बड़ी बर्ड सेंचुरी बनेगी। प्रदेश सरकार ने इसकी राह के सारे कांटे साफ करते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। अलवारा झील को खूबसूरत व आकर्षक पक्षी बिहार बनाने के लिए केंद्र से 78 करोड़ रुपये की मांग की गई। पर्यटकों के लिहाज से इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्र सरकार से रकम मिलते ही सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो जाएगा।
सदर तहसील क्षेत्र की अलवारा झील करीब 22 सौ बीघा क्षेत्रफल में फैली हुई है। इस झील में तमाम जीव जंतु रहते हैं। जलीय जंतु भी यहां बड़ी संख्या में हैं। ठंड के मौसम में अलवारा झील साइबेरियन पक्षियों से गुलजार हो जाता है। इन विदेशी पक्षियों के आने से इस झील की रौनक बढ़ जाती है। प्राकृतिक खूबसूरती भी इस झील की शोभा बढ़ाती है। कमल का फूल इस अलवारा झील को अपनी आगोश में हमेशा रखता है। तत्कालीन जिलाधिकारी सीएल सोनकर ने देश के मानचित्र में इस झील को देखा तो इसको बर्ड सेंचुरी बनाने की पहल उन्होंने शुरू कर दी। प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा तो इसका सर्वे कराया गया। केंद्र की भी टीम सर्वे के लिए आई, लेकिन अचानक मामला खटाई में चला गया। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी लोकेश एम व अन्य अफसरों ने इसे पक्षी बिहार बनाने की मुहिम छेड़ी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह ने एड़ीचोटी का जोर लगाया। प्रदेश सरकार ने तत्कालीन डीएम सत्येंद्र के इस प्रस्ताव पर नए सिरे से सर्वे कराया। इसके बाद इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजा गया। यूपी सरकार ने प्रस्ताव भेजने के साथ ही पक्षी बिहार बनाने के लिए केंद्र सरकार से 78 करोड़ रुपये की मांग की है। केंद्र सरकार ने यदि प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी तो अलवारा झील को पक्षी बिहार बनाने का कार्य तेज हो जाएगा। पर्यटकों को रिझाने के लिहाज से बर्ड सेंचुरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पर्यटकों के लिए यहां टीन शेड का भी निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा अलवारा झील में बोट भी चलाई जाएगी ताकि पर्यटक पक्षी बिहार का आनन्द उठा सके।
--------------
झील का होगा सौंदर्यीकरण
अलवारा झील को यदि केंद्र सरकार ने पक्षी बिहार बनाने का पैकेज दिया तो इसके दिन बहुर जाएंगे। 78 करोड़ रुपये की लागत से इसको विकसित किया जाएगा। पक्षी बिहार की सभी सुविधाएं आधुनिक होंगी। अलवारा झील में चारों तरफ पक्का घाट बनाया जाएगा। डीएफओ आरडी पांडेय ने पहले झील की सफाई कराई जाएगी। इसके बाद पक्का घाट बनाया जाएगा ताकि लोग यहां स्नान भी कर सकें।
---------
गेस्ट हाउस का होगा निर्माण
कौशांबी : पक्षी बिहार का पैकेज मिलने के बाद पर्यटकों के रुकने के लिए अलवारा झील के समीप एक गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। गेस्ट हाउस में पर्यटकों के लिए सभी इंतजाम होंगे। उनके खाने-पीने की भी व्यवस्था रहेगी ताकि वह ज्यादा से ज्यादा अलवारा झील को दें और इसका आनन्द उठाएं।
---------------
पक्षियों की सुरक्षा को बनेगी वन चौकी
अलवारा झील में आने वाले विदेशी पक्षियों की सुरक्षा के लिए यहां पर वन चौकी का निर्माण कराया जाएगा। वन चौकी के निर्माण के बाद अलवारा झील में आने वाले विदेश पक्षियों को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं होगा , क्योंकि झील व पक्षियों की सुरक्षा के लिए वन पुलिस की तैनाती की जाएगी। --------------------
अलवारा झील में पक्षी विहार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। भेजे गए प्रस्ताव पर प्रदेश सरकार ने अपनी अनुमति जारी कर दी है। केंद्र सरकार से कार्य योजना को हरी झंडी मिलने के बाद अलवारा में पक्षी विहार बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
आरके पांडेय, प्रभागीय वनाधिकारी