पर्यावरण संरक्षण को बढ़ाया हाथ
सरायअकिल, कौशांबी : वायु में फैले प्रदूषण की वजह से पर्यावरण खतरे में पड़ रहा है। पर्यावरण के संरक्षण को सबको आगे आना होगा। उक्त बातें रामसजीवन सिंह पीजी कालेज जयंतीपुर में पौधरोपण के दौरान बुधवार को प्राचार्या गरिमा श्रीवास्तव ने कहीं। बताया कि अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए मनुष्य प्रकृति के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। हरे वृक्ष का कटान तेजी से किया जा रहा है। जल व वायु में प्रदूषण फैलाया जा रहा है। यह खतरे का आगाज है। यदि पर्यावरण संरक्षण की ओर ध्यान न दिया गया तो आने वाले समय में मनुष्य का जीवन खतरे में पड़ जाएगा। कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी व्यक्तियों को पांच-पांच पौधे रोपित कर उनकी देखरेख करनी चाहिए। जिससे कुछ दिनों में वह वृक्ष का रूप लेकर पर्यावरण का संरक्षण कर सकें। रवींद्र सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वह पर्यावरण संरक्षित करने का उपाय जनता के बीच बताएं और उसका पालन भी करें। जिससे पर्यावरण स्वच्छ रह सके। विद्यार्थियों ने कालेज परिसर में कई पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इससे पूर्व छात्राओं ने रंगोली बनाई। विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर