मानपुर डेरा में सन्नाटा, दहशत में ग्रामीण
राजपुर, संवाद सहयोगी : सिकंदरा थाना क्षेत्र के मानपुर डेरा गांव में डकैती की वारदात से ग्रामीणों में
राजपुर, संवाद सहयोगी : सिकंदरा थाना क्षेत्र के मानपुर डेरा गांव में डकैती की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का आलम है, वहीं दूसरे दिन गुरुवार को दीपावली का त्योहार होने के बावजूद गलियों में सन्नाटा पसरा नजर आया। डकैत पकड़े न जाने से ग्रामीणों में आक्रोश दिखा, वहीं पीड़ित के घर सहानुभूति जताने वालों का तांता लगा रहा।
ब्रश बनाने के लिए बालों का कारोबार करने वाले मानपुर डेरा गांव में मंगलवार की रात डकैतों ने धावा बोल बहादुर सिंह नायक को गोली मारने व पत्नी रामवती, पुत्र चरन सिंह व हरदुआ ऐमा से आई पुत्री सुनीता, पौत्री प्रीती व पौत्र देवेंद्र की पिटाई कर तीन लाख नगद व आभूषण लूट लिए थे। करीब एक घंटे तक फायरिंग के साथ डकैतों ने गांव में तांडव किया था, इस दौरान गोली लगने से पड़ोसी अभय सिंह व छक्की लाल घायल हो गए थे। उनका इलाज कानपुर में चल रहा है। घटना को 24 घंटे बीतने के बाद भी डकैत न पकड़े जाने से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश दिखा। साहूकार, मान सिंह, भूमि सिंह, कप्तान सिंह आदि का कहना था कि करीब एक घंटे तक डकैतों ने गांव में तांडव किया। सूचना के बाद भी पुलिस गांव नहीं पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस समय से आ जाती तो डकैत गांव में दबोच लिये जाते। पिटाई से घायल गृहस्वामिनी व परिजनों को ढाढस बंधाने के लिए घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा रहा। अधिकांश लोगों के घायलों के पास कानपुर जाने से गांव में सन्नाटा पसरा दिखा। एसओ सिकंदरा मनोज कुमार राय ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछतांछ के साथ डकैतों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को दबोचकर घटना का खुलासा कराया जाएगा।