छेड़खानी के विरोध पर युवक को मारी गोली
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता : सट्टी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने युवक को गोली मार दी, उसे गंभीर हालत में अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
सलेमपुर गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर सोमवार देर रात इंद्रेश का पड़ोसी विनोद व मुश्ताक से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। इस बीच गोली लगने से इंद्रेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीणों के एकत्र होते ही हमलावर फरार हो गए। इंद्रेश को घायल देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण गंभीर रूप से घायल इंद्रेश को लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने नाजुक हालत में उसे जिला अस्पताल भिजवाया दिया। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कराया है। एसओ सट्टी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में छेड़छाड़ के विरोध पर युवक को गोली मारने की बात सामने आई है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश कराई जा रही है। मामले में डॉक्टरी रिपोर्ट आने व छानबीन के बाद कार्रवाई होगी।