मतदान आज, 903419 मतदाता डालेंगे वोट
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता : इटावा, कन्नौज और अकबरपुर संसदीय सीट के लिए गुरुवार को जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। तीनों संसदीय क्षेत्रों में कुल 43 प्रत्याशियों के लिए जिले की विधानसभा क्षेत्रों में बनाये गये मतदान केंद्र 773 में 1022 बूथों पर 903419 मतदाता वोट करेंगे।
बताते चलें कि लोकसभा चुनाव में इटावा संसदीय क्षेत्र से दस प्रत्याशी, कन्नौज संसदीय क्षेत्र से 15 प्रत्याशी और अकबरपुर संसदीय सीट से सर्वाधिक 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। इटावा से जुड़ी सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र, अकबरपुर से जुड़ी अकबरपुर-रनियां और कन्नौज से जुड़ी रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 773 में 1022 बूथों पर गुरुवार को 903419 मतदाता प्रत्याश्यिों के भाग्य का फैसला मतपेटी में कैद करेंगे। अकबरपुर रनियां में 297756 मतदाता 261 मतदान केंद्रों पर बने 343 बूथों पर वोट डालेंगे। इनमें 134970 महिलाएं व 32 किन्नर भी शामिल है। रसूलाबाद के 296415 मतदाता 230 मतदान केंद्रों में 315 बूथों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 132751 महिलाएं व 7 किन्नर भी शामिल है। सिकंदरा में 309248 मतदाता 282 मतदान केंद्रों के 364 बूथों पर मतदान करेंगे। इनमें 138919 महिलाएं व 6 किन्नर हैं। अकबरपुर रनियां में 18 प्रत्याशियों के लिए दो बैलेट यूनिट लगेंगी।