कानपुर में सपा विधायक की बहन को तमंचे की बट मारकर चेन लूटी
सपा विधायक सतीश निगम की बहन की चेन लूट ली। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट मार उन्हें लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों के आने पर लुटेरों ने फायरिंग कर दी।
कानपुर (जेएनएन)। नौबस्ता क्षेत्र के पशुपति नगर में बाइक सवार तीन लुटेरों ने सपा विधायक सतीश निगम की बहन की चेन लूट ली। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट मार उन्हें लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों के आने पर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। इस पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इसी आपाधापी में एक लुटेरे के हाथ से तमंचा गिर गया। लोगों का कहना है कि पथराव से बाइक पर पीछे बैठा लुटेरा घायल हो गया है।
पशुपति नगर में रहने वाले सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर अवध किशोर की पत्नी शोभा कल्याणपुर से सपा विधायक सतीश निगम की बहन हैं। उनकी घर के पास ही एक घरेलू उत्पाद बनाने वाली कंपनी की एजेंसी है। रविवार रात शोभा एजेंसी से पैदल ही घर लौट रही थीं। तभी बाइक सवार लुटेरों ने हमला बोल दिया। नकाबपोश बदमाशों ने चेन लूटने का प्रयास किया तो उन्होंने साहस जुटा विरोध करने की कोशिश की। इस पर बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने उनके सिर पर तमंचे की बट मार दी। लहूलुहान हालत में शोभा सिर पकड़कर सड़क पर बैठ गईं और शोर मचा दिया। लोगों के एकत्र होता देख लुटेरों ने शोभा के गले से चेन तोड़ ली और फायरिंग करते हुए भाग निकले। इस पर भीड़ ने पथराव कर दिया।
इसी दौरान एक लुटेरे का तमंचा वहीं गिर गया। राहगीरों ने लहुलुहान शोभा को पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। शोभा के मुताबिक बाइक चला रहे लुटेरे ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पीछे बैठे दोनों लुटेरों ने मुंह पर रूमाल बांध रखा था। इलाकाई लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस की शह पर ठेकों पर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है। पुलिस गश्त भी नहीं करती। इसका ही नतीजा है कि यहां आए दिन लूट व चोरी की घटनाएं होती हैं। सीओ गोविंद नगर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है।
विधायक सतीश निगम के अनुसार यह बहुत ही दुस्साहसिक घटना है। एसएसपी को घटना से अवगत करा दिया है। उन्होंने घटना के जल्द खुलासे की बात कही है, साथ ही थाना पुलिस को दिशा-निर्देश भी दिए हैं।