तीन छात्राओं समेत छह की चोटी कटी
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले 24 घंटे में हटिया, बाबूपुरवा व महाराजपुर में तीन छात्राओं, चकेरी में दो महिलाओं और बिठूर में एक युवती की चोटी कट गई।
मूलगंज हटिया निवासी लोहा व्यापारी संजीव गुप्ता की बेटी चारू कक्षा 10 की छात्रा है। बुधवार देर रात वह घर पर सो रही थी। सुबह उठकर चारू ने सिर पर हाथ फेरा तो चोटी के बाल हाथ में आ गए। एसपी पूर्वी अनुराग आर्य ने बताया कि घर के मेन गेट पर ताला लगा था। रात में बाहर से कोई नहीं आया। बाबूपुरवा में ईसाइयों का मैदान निवासी मुस्तकीम की बहन सबनूर भी 10वीं में पढ़ती है। बुधवार रात सबनूर घर पर सो रही थी। खाना खाने के लिए मां ने आवाज दी, वह उठी तो देखा उसकी चोटी कटी पड़ी थी। बाबूपुरवा पुलिस ने कहा कि जाच की जा रही। वहीं चकेरी के कांशीराम कालोनी निवासी अमित मिश्र की पत्नी अंजू गुरुवार दोपहर घर पर सो रही थी। दोपहर बाद जब अमित घर पहुंचे तो देखा कि अंजू की चोटी कटी हुई बगल में पड़ी थी। उठने पर अंजू ने कटी चोटी देखी तो गश खाकर गिर पड़ी। पुलिस ने पहुंचकर जांच की। बिठूर के हृदयपुर में भी प्रभूदयाल की बेटी संगीता की चोटी कट गई। संगीता ने बताया कि वह कमरे में बैठी थी। अचानक लगा कि कोई बाल पकड़ कर खींच रहा है, फिर वह बेहोश हो गई। इसी तरह चकेरी के ओमपुरवा निवासी कन्हैया की पत्नी रेनू गुरुवार रात रसोई में खाना बना रही थी। उसे सिर दर्द हुआ तो कमरे में आकर लेट गई। थोड़ी देर बाद उठी तो देखा कि चोटी कट चुकी थी। उधर महाराजपुर के खुजऊपुर निवासी वीरेंद्र कुरील की बेटी आकाक्षा 9वीं की छात्रा है। आकाक्षा के मुताबिक गुरुवार दोपहर वह खाना खा रही थी उसी समय लगा कि कोई बाल काट रहा है। वह पलटी तो देखा कि उसकी चोटी कट चुकी है लेकिन कोई दिखा नहीं। सूचना पर पुलिस पहुंची और पूछताछ की।