कानपुर में नर्सिंगहोम के आइसीयू में भर्ती किशोरी से हैवानियत पर बवाल
कानपुर बर्रा के न्यू जागृति अस्पताल के आइसीयू में भर्ती किशोरी को नशीला इंजेक्शन लगा वार्ड ब्वाय ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
कानपुर (जेएनएन)। बर्रा के न्यू जागृति अस्पताल के आइसीयू में भर्ती किशोरी को नशीला इंजेक्शन लगा वार्ड ब्वाय ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आज इसकी जानकारी होने पर परिवारीजन ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। इससे गुस्साए परिवारीजन ने नर्सिंग होम में तोडफ़ोड़ के साथ पथराव कर दिया। पुलिस के साथ भी धक्कामुक्की हुई तो पुलिस ने लाठी फटकार उपद्रवियों को खदेड़ा। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करा आरोपी वार्ड ब्वाय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: समूह 'ग' और 'घ' में साक्षात्कार खत्म होगा, सिफारिश बंद होगी
17 वर्षीय किशोरी गुरुवार रात एक शादी समारोह में डीजे पर डांस करते समय बेहोश हो गई थी। उसे कर्रही रोड स्थित न्यू जागृति अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। अंदर न जाने की इजाजत के चलते परिवारीजन बाहर ही रहे। आज सुबह किशोरी ने मां के पहुंचने पर बताया कि वार्ड ब्वाय यूसुफ रात में कपड़े बदलने आया। महिला कर्मचारी के बुलाने की बात कहने पर उसने अभद्र टिप्पणी करते हुए अश्लीलता शुरू कर दी। विरोध पर दवा के नाम पर नशीला इंजेक्शन दे दिया और इसके बाद क्या हुआ कहकर किशोरी रोने लगी। बेटी के साथ अस्पताल में इस तरह की हरकत से हतप्रभ मां ने अन्य परिवारीजन को जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में असलहों की खेप के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
शिकायत करने पर अस्पताल स्टाफ ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद किशोरी के पक्ष से जुटे दर्जनों लोगों ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। तोडफ़ोड़ करने के साथ नर्सिंग होम पर पथराव कर दिया। अस्तपाल में दुष्कर्म और बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार न थे। लोग पुलिस से धक्कामुक्की करने लगे और पुलिस के सामने दोबारा नर्सिंग होम पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठी फटकार उपद्रवियों को खदेड़ा।
यह भी पढ़ें: रावण की रिहाई की मांग को लेकर दलित महिलाओं का हंगामा
आरोप है कि पुलिस नर्सिंग होम संचालक की तरफ से समझौते का दबाव बना रही थी और मनमाफिक तहरीर मांग रही थी। इसका विरोध किया तो पुलिस ने लाठी चला दी। सीओ गोविंद नगर आतिश कुमार सिंह का कहना है कि किशोरी के परिवारीजन की तहरीर पर दुष्कर्म के प्रयास, पाक्सो एक्ट व मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। नौबस्ता निवासी आरोपी वार्ड ब्वाय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।