महिला स्वास्थ्य पर आइआइटियंस संग काम करेंगी प्रियंका रैना
जागरण संवाददाता, कानपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकत
जागरण संवाददाता, कानपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए क्रिकेटर सुरेश रैना की पत्नी प्रियंका रैना आइआइटी छात्रों के साथ मिलकर काम करेंगी। प्रियंका कानपुर के आसपास गांवों में जागरूकता शिविर लगाएंगी। महिलाओं के स्वास्थ्य पर काम करने वाली उनकी संस्था 'ग्रेसिया रैना फाउंडेशन' ने इसके लिए आइआइटी छात्रों की संस्था 'साथी' के साथ करार किया है। उन्होंने बताया कि खुद की प्रेगनेंसी के अनुभव के बाद जरूरतमंद महिलाओं की मदद के लिए यह फाउंडेशन स्थापित किया है। इसका नाम अपनी डेढ़ साल की बच्ची के नाम पर रखा है।
शुक्रवार को आइआइटी के खेलकूद समारोह 'उद्घोष-2017' में शिरकत करने पहुंची प्रियंका ने बताया कि जब उनके पास इतने संसाधन होने के बाद भी उन्हें प्रेगनेंसी के दौरान कई परेशानियां हुई तो उन महिलाओं का क्या हाल होता होगा जिनके पास संसाधन तक नहीं हैं। उत्तर प्रदेश से उन्होंने अपनी संस्था की शुरुआत की है। वह गाजियाबाद के बाद कानपुर में शिविर लगाने जा रही हैं। दिसंबर तक इसका काम शुरू हो जाएगा।
----
विवेकानंद विद्यालय लोधर का जायजा लिया
आइआइटी पहुंचने से पहले प्रियंका ने लोधर गांव के विवेकानंद विद्यालय का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वहां पर उन्हें इंफ्रास्ट्रक्चर व बच्चों में पोषण की कमी दिखी। इस दौरान वह गर्भवती महिलाओं से भी मिलीं और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
---
अच्छे खिलाड़ी के साथ अच्छे पिता हैं रैना
प्रियंका ने बताया कि सुरेश रैना अपनी फिटनेस व प्रैक्टिस के साथ अपनी बेटी को भी पूरा समय देते हैं। जब वह खेलकूद के लिए घर से बाहर होते हैं और तो सोशल मीडिया उन्हें उनकी बेटी से जोड़ने काम करता है।