नेतृत्व करने में चूकी नहीं घाटमपुर की महिलाएं
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहरी क्षेत्र में तो महिला जागरूकता की बात की जाती है और तमाम स्थानों पर वे
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहरी क्षेत्र में तो महिला जागरूकता की बात की जाती है और तमाम स्थानों पर वे पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलती हुई नजर भी आती हैं लेकिन यमुना पंट्टी के गांवों वाले घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं ने दिखा दिया कि वे भी पुरुषों के पीछे चलने को तैयार नहीं हैं। विधानसभा क्षेत्र के 102 गांवों में महिलाओं ने मतदान में पुरुषों को भी पीछे छोड़ दिया वहीं 21 गांवों में वे पुरुषों के बिल्कुल बराबर रहीं।
कानपुर देहात से फतेहपुर के बीच यमुना पंट्टी के किनारे फैले बीहड़ कभी दस्युओं के चहलकदमी से आतंक में रहते थे। इस क्षेत्र में महिलाएं क्या पुरुष तक घर से बाहर निकलने में दहशत खाते थे लेकिन आज उन्हीं गांवों को शामिल कर बनाई गई घाटमपुर विधानसभा सीट में महिलाएं जागरूकता में सबको पीछे छोड़ रही हैं। घटवा गांव की अनीता को तो आज सब जानते हैं लेकिन उनकी जैसी सौ से ज्यादा गांव की महिलाओं ने भी दिखा दिया है कि उन्हें अपने निर्णय लेने के लिए किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। ये वे महिलाएं हैं जिन्होंने अपने गांवों में पुरुषों को न सिर्फ मतदान करने में पीछे छोड़ा वरन दिखा दिया कि वे सिर्फ पर्दे में रहने के लिए नहीं हैं। कई गांवों में तो महिलाओं ने मतदान के मामले में पुरुषों से जबरदस्त बढ़त भी ली थी। पूरे विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो पुरुषों ने 61 फीसद मतदान किया। इस मामले में भी महिलाओं ने बढ़त बनाई और 62 फीसद मतदान किया।