मैजिक में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
जागरण संवाददाता, कानपुर : कानपुर देहात के देवनपुर गांव से तीन दिन पूर्व फजलगंज गड़रियनपुरवा मे
जागरण संवाददाता, कानपुर : कानपुर देहात के देवनपुर गांव से तीन दिन पूर्व फजलगंज गड़रियनपुरवा में मैजिक बनवाने आए युवक का शव गाड़ी के अंदर फंदे पर लटकता मिला। फजलगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने हत्या और लूटपाट की आशंका जताई है।
कानपुर देहात के राजपुर देवनपुर निवासी राजकुमार उर्फ राजू अवस्थी (42) विजय नगर से कानपुर देहात के बीच अपनी मैजिक चलाते थे। परिवार में पत्नी संध्या और बेटा कार्तिक है। पत्नी ने बताया कि दो माह पूर्व दुर्घटना में मैजिक क्षतिग्रस्त हो गई थी। बुधवार को वह 45 हजार रुपये लेकर उसकी मरम्मत कराने फजलगंज गड़रियनपुरवा गए थे। शनिवार सुबह मैजिक में राजू का शव फंदे पर लटका मिला, उसके पैर मुड़े हुए थे। आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। फजलगंज इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना देकर फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से 325 रुपये बरामद हुए। पत्नी ने लूट के विरोध में हत्या की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से ही मौत की पुष्टि हुई है सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
तीन बजे तक ठीक था राजू
गड़रियनपुरवा मार्केट में रखवाली करने वाले चौकीदार ने बताया कि रात तीन बजे तक राजू ठीक था। इसके बाद क्या हुआ उसे इसकी जानकारी नहीं है। वहीं मैजिक में फांसी लगाने की बात परिजनों और आसपास के लोगों के भी गले नहीं उतर रही है।