मिशन 1000 टन : सफाई के साथ जन जागरण, बदलने लगे मन
जागरण संवाददाता, कानपुर : दैनिक जागरण का 'मिशन-1000 टन' अभियान जिस मकसद के साथ शुरू हुअ
जागरण संवाददाता, कानपुर : दैनिक जागरण का 'मिशन-1000 टन' अभियान जिस मकसद के साथ शुरू हुआ है, वह दिन-ब-दिन साकार होता जा रहा है। संकल्प के साथ चलने वाले अभियान से चुना गया क्षेत्र तो साफ हो ही रहा है, साथ ही अब जन जागरण भी महसूस हो रहा है। शनिवार को सिविल लाइन्स क्षेत्र में यह साफ नजर आया। जो लोग अब तक गंदगी को नियति मानकर आंखें मूंदे जिंदगी बसर कर रहे थे, वह खुद घरों से निकलकर आए और अब से यहां गंदगी न होने देने का वादा किया।
मिशन-1000 टन के लिए दैनिक जागरण ने शनिवार को सिविल लाइन्स क्षेत्र लिया, जहां अधिकांश आबादी साक्षर और सुविधा संपन्न है। मगर, अहसास हुआ कि स्वच्छता के प्रति इनका रवैया भी उदासीन ही रहा है। कलेक्ट्रेट गेट के सामने और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पीछे वाली रोड पर आयकर भवन के पास अघोषित कूड़ाघर बने हुए थे। आयकर भवन के पास सड़क किनारे आसपास के लोग न जाने कब से कूड़ा डाले जा रहे थे कि वहां मलबा का ढेर लग गया। इसी तरह कलेक्ट्रेट गेट के सामने गली में खाली पड़ी जमीन का तो बहुत ही बुरा हाल था। यहां मलबे का ढेर सा लग चुका था। सुबह निर्धारित समय पर स्वच्छता के संदेश के साथ जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही दैनिक जागरण के साथ संत निरंकारी सेवा मिशन, परिवर्तन संस्था के सेवाभावीजनों ने श्रमदान शुरू किया। नगर निगम की टीम भी रफ्तार से सफाई करने में जुट गई। देखते ही देखते क्षेत्र साफ होने लगे। आयकर भवन के आसपास रहने वाले वहां एकत्र होने लगे। इसी तरह कलेक्ट्रेट गेट के सामने भी क्षेत्रवासी और अधिवक्ता पहुंच गए। उन्होंने अभियान की तारीफ करने के साथ ही स्वीकार किया कि हमारे निवास और कार्यस्थल के पास आकर दूसरे लोग इतनी शिद्दत से सफाई कर रहे हैं, जबकि यह जिम्मेदारी हमारी थी। कई लोग सहयोग के लिए अभियान चलते तक वहां खड़े रहे। उन्होंने वादा किया कि अब यहां दोबारा गंदगी नहीं होने देंगे। साथ ही दूसरों को भी समझाएंगे। दोपहर बाद तक सफाई का कार्य चलता रहा और इन दोनों स्थानों से कुल 156 टन कूड़ा और मलबा नगर निगम की टीम ने उठाया।
---
संकल्प के सहयोगी
- संत निरंकारी सेवा मिशन के राजेश नागरथ, राजेंद्र जायसवाल, विवेक त्रिवेदी, अखिलेश, राम, श्याम, विशाल, लकी, विवेक, संजय, शुभम, आशीष, सचिन, विकास जायसवाल, प्रकाश जायसवाल, मो. हनीफ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रवि पांडेय।