भाजपा प्रदेश कार्यसमितिः पूरी कैबिनेट के साथ कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में करीब 470 कार्यसमिति सदस्य आगामी रणनीति पर मंथन करेंगे। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट के साथ होंगे।
कानपुर (जेएनएन)। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को कानपुर में होने जा रही है। बुधवार को बैठक में शामिल प्रदेश पदाधिकारियों सहित करीब 470 कार्यसमिति सदस्य भाजपा की आगामी रणनीति पर मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी कैबिनेट के साथ शामिल होंगे। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में भाजपा की पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भौंती स्थित पीएसआइटी में होगी। सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, अरुण सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव का जो खाका तैयार हुआ है, उस पर कार्यसमिति सदस्यों की सहमति ली जानी है। इसके अलावा इसमें मंथन के बाद निकाय चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय होनी है।