'मान्यवर.. राजस्व संहिता पढ़ें और जिम्मेदारी निभाएं'
जागरण संवाददाता, कानपुर : कितने समन भेजे.. उसमें से कितने तामील हुए..? कुछ जानकारी है
जागरण संवाददाता, कानपुर : कितने समन भेजे.. उसमें से कितने तामील हुए..? कुछ जानकारी है। यह सवाल प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी विकास मुकुल सिंघल ने सदर तहसील के तहसीलदार न्यायिक पीएन सिंह से किए तो वह जवाब नहीं दे पाए। बोले, सर पेशकार को पता होगा। उनके इस उत्तर से प्रमुख सचिव का पारा चढ़ गया। गुस्से को नियंत्रित करते हुए शालीनता से उन्होंने कहा, 'मान्यवर.. राजस्व संहिता पढ़ें और जिम्मेदारी निभाएं।' जब संहिता पढ़ लें तो आकर मिलें।
जिले में हो रहे कार्यो और योजनाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए प्रमुख सचिव सिंघल ने तहसील के विभिन्न पटल का निरीक्षण किया। खतौनी अनुभाग में तैनात लेखपाल अशोक अग्निहोत्री से रजिस्टर देखे और कार्यो को सराहा। लेखपाल संघ के अध्यक्ष अजय सिंह से कहा कि लेखपालों की बहुत शिकायतें हैं काम सुधारें, हर किसी की निगाह आप लोगों के काम पर है। इसके बाद उन्होंने आरसी रजिस्टर देखा और लिपिक सुषमा कुरील से कहा कितनी आरसी छिपाकर रखती हैं। सुषमा ने कहा कोई नहीं। जो आती हैं, समय से भेजी जाती है। उन्होंने लालबंगला निवासी रामनारायण की आरसी दिखाने को कहा और बाद में आरसी देखीं। खतौनी देखने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन बंद मिली। डीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अब लोग घर बैठे ही खतौनी देख लेते हैं। मशीन की खराबी जल्द दूर होगी। एसडीएम अभिषेक आनंद से कहा कि शिकायत निस्तारण में तत्परता दिखाने की जरूरत है।
(इनसेट) उत्साह से काम करो, डीएम-एडीएम बन सकते
प्रमुख सचिव राजस्व निरीक्षक अनुभाग में पहुंचे तो वहां कानूनगो धीरज से पूछा, काम कैसा चल रहा है। धीरज ने बताया समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने कहा, जानते हो, मेरठ में लेखपाल ने डीएम बनने का गौरव प्राप्त किया था। काम करिए जरूर डीएम, एडीएम बनेंगे।